Meta Pixel

भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से धोया, जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में एंट्री; पूजा मलिक की हैट्रिक

Spread the love

नई दिल्ली। भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 19-0 के बड़े अंतर से शिकस्त दी और विमेंस जूनियर एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबले में भारत ने शुरुआत से लेकर आखिरी मिनट तक पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और चारों क्वार्टर में गोल दागे।

इसके विपरीत पाकिस्तान की टीम पूरे मैच में एक भी गोल करने में सफल नहीं रही। भारत की ओर से पूजा मलिक ने हैट्रिक लगाई और उन्हें AHF जूनियर एशिया कप 2026 में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पहले क्वार्टर में ही भारत ने दागे 5 गोल

भारतीय टीम ने मुकाबले के शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक तेवर दिखाए। पहले पांच मिनट के भीतर भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। इस दौरान एक गोल को वीडियो रिव्यू के बाद अमान्य कर दिया गया।

इसके बाद सातवें मिनट में पूजा साहू ने भारत का खाता खोला। महज दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने दूसरा गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

पहले क्वार्टर के बाकी हिस्से में तनुश्री कडू ने डिफ्लेक्शन के जरिए गोल किया। इसके बाद सुखवीर कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील किया। सानिका माने के गोल के साथ भारत ने पहला क्वार्टर 5-0 की बढ़त के साथ समाप्त किया।

हाफ टाइम तक पाकिस्तान के खिलाफ 10-0 की बढ़त

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा। मधु सिदार और गीता यादव ने गोल कर बढ़त को और मजबूत किया।

इसके बाद सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल दागे। लगातार हमलों के दम पर भारत ने पहले हाफ की समाप्ति तक 10-0 की बढ़त बना ली।

दूसरे हाफ में भी भारत ने किए 9 गोल

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने तीन और गोल दागे। पूर्णिमा यादव, मधु और सुप्रिया ने गोल करते हुए पाकिस्तान के लिए मैच में वापसी की सारी उम्मीदें लगभग खत्म कर दीं।

आखिरी क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक हॉकी जारी रखी। कृष्णा शर्मा ने गोल किया और इसके बाद पूजा मलिक ने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की

सुप्रिया ने अपना दूसरा गोल किया, जबकि बिनिमा धन और रोशनी ऐंद ने अंतिम दो गोल किए। रोशनी ने 60वें मिनट में भारत का 19वां गोल दागकर स्कोर 19-0 कर दिया।

भारत को मिले 18 पेनल्टी कॉर्नर

मैच में भारत का दबदबा इस बात से भी समझा जा सकता है कि टीम ने कुल 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया।

दूसरी ओर पाकिस्तान पूरे मुकाबले में गोल तो दूर, एक भी पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक हासिल नहीं कर सका।

शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबला

इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

यह मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। भारत की नजर अब फाइनल में जगह बनाकर खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाने पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *