BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली में भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
11 से 13 सितंबर तक होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन के मद्देनजर दिल्ली सरकार और ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा, जबकि लोगों को सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
स्कूल, सरकारी दफ्तरों में छुट्टी
वीआईपी आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 11 सितंबर, शुक्रवार को राजधानी के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा नई दिल्ली क्षेत्र में आने वाले सरकारी कार्यालयों और स्वायत्त निकायों में भी अवकाश रहेगा। सुप्रीम कोर्ट में भी 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी। इस अवकाश की भरपाई 28 नवंबर को कार्य दिवस रखकर की जाएगी।
35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लुटियंस दिल्ली और भारत मंडपम के आसपास 35 से अधिक प्रमुख सड़कों को नियंत्रित क्षेत्र में रखा है। इसके लिए करीब 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं।
वीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। प्रभावित प्रमुख सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, अकबर रोड, जनपथ, पृथ्वीराज रोड और मथुरा रोड शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी यात्रा के लिए निजी वाहनों की जगह दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता दें।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए जरूरी सलाह
IGI Airport: एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को धौला कुआं और सरदार पटेल मार्ग पर संभावित ट्रैफिक दबाव से बचने के लिए एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो की ऑरेंज लाइन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने का रूट
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अजमेरी गेट या मथुरा रोड की तरफ से आने के बजाय पहाड़गंज साइड, यानी डीबी गुप्ता रोड और पंचकुइयां रोड की ओर से स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।
हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के लिए क्या करें?
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए आश्रम चौक और एम्स की ओर से रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।
BRICS Summit का कार्यक्रम
भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन के प्रमुख कार्यक्रमों को लेकर भी शेड्यूल जारी किया गया है।
12 सितंबर: दोपहर 2 बजे भारत मंडपम के लेवल-2 पर सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों का आगमन होगा। इसके बाद बंद कमरे में बैठक यानी क्लोज्ड-डोर समिट आयोजित की जाएगी। शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गाला डिनर का आयोजन किया जाएगा।
13 सितंबर: सुबह 10:50 बजे BRICS साझेदार और आमंत्रित देशों के साथ ओपन सेशन शुरू होगा।
आम लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी क्यों जरूरी?
BRICS सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों की आवाजाही के कारण दिल्ली के कई इलाकों में अचानक ट्रैफिक रोका जा सकता है। ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की स्थिति जांचना और संभव हो तो मेट्रो से सफर करना लोगों के लिए सुविधाजनक रहेगा।