बेमेतरा। बेमेतरा जिले के साजा नगर पंचायत में लंबे समय से बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करना अब भारी पड़ गया है। बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत साजा और वाटर वर्क्स से जुड़े 41 बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। नगर पंचायत पर बिजली बिल का 1 करोड़ 47 लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया जा रहा है। बिजली कनेक्शन कटने के बाद अब नगर की पेयजल व्यवस्था और जरूरी सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बढ़ते बकाये पर बिजली विभाग ने काटे 41 कनेक्शन
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, नगर पंचायत साजा की ओर से लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा था। बकाया राशि लगातार बढ़ने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत और वाटर वर्क्स से जुड़े कुल 41 कनेक्शनों को काट दिया।
नल-जल योजना पर पड़ सकता है असर
इस कार्रवाई का सीधा असर नगर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ सकता है। वाटर वर्क्स के बिजली कनेक्शन कटने से नल-जल योजना के संचालन में परेशानी आने की आशंका है। इसके अलावा नगर पंचायत की अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर हुई कार्रवाई
विद्युत वितरण कंपनी के ईई मनीष शुक्ला ने 41 बिजली कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि, नगर पंचायत साजा पर बिजली बिल की बड़ी राशि बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण विभाग ने यह कार्रवाई की है।
बकाया भुगतान को लेकर उठे सवाल
बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद नगर पंचायत की वित्तीय व्यवस्था और बकाया बिजली बिल के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, कनेक्शन कटने से यदि पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है तो इसका सीधा असर नगरवासियों पर पड़ सकता है। अब देखना होगा कि, नगर पंचायत बकाया राशि के भुगतान और बिजली कनेक्शन बहाल कराने के लिए क्या कदम उठाती है।