15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026-27 के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने बड़ा फैसला लेते हुए वैभव को टीम की कमान सौंप दी है। इतनी कम उम्र में स्टेट की सीनियर टीम का कैप्टन बनना किसी भी खिलाड़ी के लिए ऐतिहासिक पल है। टूर्नामेंट का आगाज 14 नवंबर से हो रहा है और इसके लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है।
वैभव इस टूर्नामेंट के सिर्फ शुरुआती दो मुकाबलों में ही बिहार की कप्तानी करते नजर आएंगे। इसके तुरंत बाद उन्हें राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ‘A’ स्क्वॉड जॉइन करना है। वैभव के जाने के बाद टीम मैनेजमेंट किसी दूसरे खिलाड़ी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपेगा।
बिहार के शुरुआती दोनों मैच इंदौर में शेड्यूल हैं, जहां 14 नवंबर को टीम का सामना सौराष्ट्र से होगा और 16 नवंबर को दूसरा मैच रेलवे के खिलाफ खेला जाएगा।
12 की उम्र में डेब्यू और 14 में IPL का जलवा
वैभव का क्रिकेट सफर किसी फास्ट रहा है है। उन्होंने जनवरी 2024 में महज 12 साल की उम्र में मुंबई जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। इसके बाद 14 साल की उम्र में IPL में एंट्री मारकर उन्होंने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। पिछले घरेलू सीजन में जब सकीबुल गनी टीम के कप्तान थे, तब वैभव बिहार के उपकप्तान की भूमिका निभा चुके हैं।
कैप्टेंसी का पहले से है अच्छा-खासा अनुभव
कप्तानी का रोल वैभव के लिए बिल्कुल नया नहीं है। वे इससे पहले एज-ग्रुप क्रिकेट में टीम को लीड कर चुके हैं। इसी साल जनवरी में जब टीम इंडिया की अंडर-19 टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर तीन यूथ वनडे मैच खेलने गई थी, तब रेगुलर कैप्टन आयुष म्हात्रे की गैरमौजूदगी में वैभव ने ही टीम की कमान संभाली थी। इसके बाद वे अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का भी अहम हिस्सा रहे थे।
BCA ने जताया वैभव के टैलेंट पर भरोसा
BCA अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि कप्तानी से वैभव को एक लीडर के तौर पर निखरने का शानदार मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव ने मैदान पर जो मैच्योरिटी, कॉन्फिडेंस और समझदारी दिखाई है, वह काबिले-तारीफ है। बोर्ड को पूरी उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में टीम काफी पॉजिटिव और डिसिप्लिन्ड खेल दिखाएगी। टूर्नामेंट के ग्रुप-B में बिहार के साथ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, सौराष्ट्र, रेलवे और जम्मू-कश्मीर जैसी तगड़ी टीमें मौजूद हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार का 17 सदस्यीय स्क्वॉड
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), सूरज कश्यप (उपकप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अनमोल कुमार (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।