Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ा शिकंजा, 3 मामलों में 341 किलो गांजा जब्त; ट्रक, कार और लोहे की अलमारी बनी तस्करी का ठिकाना

Spread the love

छत्तीसगढ़। प्रदेश में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई की है। तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल करीब 341 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कभी प्लास्टिक दाने की बोरियों का सहारा लिया तो कहीं कार और लोहे की अलमारी के अंदर इसे छिपाया गया।

सूरजपुर में ट्रक पलटा तो खुला गांजा तस्करी का राज

सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के पास 30 सितंबर को एक ट्रक पलट गया। ट्रक में प्लास्टिक दाना लदा हुआ था और वह उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था।

हादसे के बाद ड्राइवर ने कुछ बोरियों को अलग करके तिरपाल से ढक दिया। संदिग्ध गतिविधि देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो 9 बोरियों से 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सुनील कुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ लोड कर लखनऊ ले जाया जा रहा था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे जांच कर रही है।

भटगांव में ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखी कार से 63 किलो गांजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक कार छोड़कर भाग गया। इसके बाद पीछे से आई दूसरी कार ने पुलिस का स्टॉपर तोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस ने पीछा कर कार को जांजगीर क्षेत्र में घेराबंदी करके पकड़ा। कार के पीछे ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखा हुआ था। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से चार प्लास्टिक बोरियों में 63 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में पुलिस ने सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सागर सिंह और मेहताब अहमद को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी के फरार होने की जानकारी है। पुलिस ने गांजे के अलावा दोनों कार और सात मोबाइल समेत करीब 44.55 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।

लोहे की अलमारी में छिपा रखा था गांजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के बेलादुला चौकी क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने एक आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में लोहे की अलमारी रखी हुई थी। तलाशी के दौरान अलमारी के अंदर भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेट मिले।

इन पैकेटों से कुल 39.76 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में गांजा ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई। पुलिस ने इस मामले में अनुज कुमार गौतम और टिंकू वर्मा, दोनों निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गांजे के साथ आयशर वाहन, करीब 10 टन लोहे की चादर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 45.20 लाख रुपये बताई गई है।

तीनों मामलों में पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ के दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

सूरजपुर में यूपी जाते समय पलट गया ट्रक।

सूरजपुर में यूपी जाते समय पलट गया ट्रक।

पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी ड्राइवर सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

भटगांव में भागती कारों की घेराबंदी कर 63.35 किलो गांजा

भटगांव में भागती कारों की घेराबंदी कर 63.35 किलो गांजा

बेलादुला में आयशर की लोहे की अलमारी से 39.76 किलो गांजा मिला

बेलादुला में आयशर की लोहे की अलमारी से 39.76 किलो गांजा मिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *