सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के पूर्व चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्युत संगठन के लिए ‘सतर्कता संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं अतिरिक्त मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री. सुनील सिंघल तथा मुख्य महाप्रबंधक (विद्युत) श्री. टी. के. कृष्ण कुमार ने की। कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) मो. नौशाद आलम एवं उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री. नवनीत शर्मा ने किया।
विद्युत संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित 25 से अधिक कर्मचारियों ने इस संवादात्मक सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान क्रय एवं क्रियान्वयन से संबंधित अनियमितताओं पर विभिन्न केस स्टडी प्रस्तुत की गईं तथा प्रतिभागियों के साथ विचार-मंथन किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने तथा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
सतर्कता विभाग की टीम ने कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यप्रणालियों में संभावित कमियों की पहचान करने, प्रक्रियाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अनियमितताओं की रोकथाम के लिए जागरूकता बढ़ाने में सहायता मिलती है।