Meta Pixel

मैत्री बाग में वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह 2026 का समापन समारोह आयोजित

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी एवं नगर सेवाएँ विभाग द्वारा मैत्री बाग चिड़ियाघर में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया गया। इस दौरान उप महाप्रबंधक (उद्यान-नगर सेवाएँ) श्री विक्रांत शरण के नेतृत्व में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत 2 अक्टूबर को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, 7 एवं 8 अक्टूबर को भाषण प्रतियोगिता तथा 9 एवं 10 अक्टूबर को ‘एक सफर मैत्री बाग का’ पहल के तहत स्कूली बच्चों के लिए मैत्री बाग चिड़ियाघर का निःशुल्क भ्रमण आयोजित किया गया। इस आयोजन का समापन 11 अक्टूबर 2026 को मैत्री बाग के मोमबत्ती लॉन में आयोजित समारोह के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गुरुनाथन एन., मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व, रायपुर तथा विशेष अतिथि के रूप में श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) उपस्थित रहे।

समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अतिथियों के आगमन पर स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विभाग की ओर से स्वागत भाषण एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विभागाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक प्रभारी (नगर प्रशासन एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री ए.बी. श्रीनिवास ने उद्यानिकी विभाग द्वारा वर्षभर में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी तथा उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) ने कहा कि वन्य पर्यावरण एवं वन्य प्राणियों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह जैसे आयोजन हमें इस दायित्व का स्मरण कराने के साथ-साथ वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भिलाई के नागरिकों एवं बच्चों से प्रातःकाल मैत्री बाग का भ्रमण करने तथा वन्य प्राणियों, विशेषकर पक्षियों का अवलोकन एवं अध्ययन करने का आग्रह किया, ताकि आने वाली पीढ़ी प्रकृति एवं पर्यावरण के और निकट आ सके। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि संयंत्र प्रबंधन वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है।

मुख्य अतिथि श्री गुरुनाथन एन., मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व, रायपुर ने वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह 2026 की थीम ‘कनेक्टिंग हैबिटेट्स – थ्राइविंग वाइल्डलाइफ’ की ओर सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यालय के बंद सम्मेलन कक्ष के स्थान पर प्राकृतिक वातावरण के बीच कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मैत्री बाग उद्यान की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों एवं बच्चों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग के बजाय प्रकृति, पशु-पक्षियों एवं वन्यजीवों के बीच अधिक समय बिताने का आग्रह किया।

समारोह के दौरान अतिथियों ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्री बालू राम वर्मा, श्री जागेश्वर राव, श्री युवराज देशमुख तथा सर्वधर्म सेवा संस्था के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता के विजेता आयुष्मान शर्मा ने अतिथियों के समक्ष अपना विजयी भाषण प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी एवं राजस्थानी नृत्य तथा कथक की प्रस्तुतियाँ प्रमुख आकर्षण रहीं। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल के सदस्यों श्री शत्रुघ्न स्वर्णकार, श्री मोहन बराल, सुश्री अपर्णा बनर्जी एवं सुश्री मीता रॉय तथा कार्यक्रम के उद्घोषक श्री सुप्रियो सेन को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम के अंत में उप महाप्रबंधक (उद्यान-नगर सेवाएँ) श्री विक्रांत शरण ने सभी अतिथियों, मीडियाकर्मियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्कूली बच्चों तथा गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. एन.के. जैन, श्री योगेश कुमार चंद्राकर, श्री ललित कुमार, श्री शंकरलाल अग्रवाल, श्री खीरु प्रसाद, श्री मदन लाला चंद्रा, श्री राजेश शर्मा, श्री चंद्रमणि चंद्राकर, सुश्री किरण ठाकुर, श्री प्रेम साहू, श्री सुनील कुमार, श्री जीतेन्द्र कुमार, सुश्री दीपिका रात्रे, श्री मेलाराम साहू, श्री हिरामन पाटिल सहित अन्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *