रायगढ़। सोशल मीडिया पर जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए एक युवक का वीडियो सामने आने के बाद खरसिया पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया। साइबर टीम की तकनीकी मदद से युवक की लोकेशन का पता लगाया गया और पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास पहुंचकर उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बाद में समझाइश देकर युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वीडियो मिलते ही हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार, खरसिया क्षेत्र के बोकरामुड़ा निवासी गोकुल निषाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कही थी। वीडियो की जानकारी पुलिस को मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया।
खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तत्काल साइबर थाना की तकनीकी टीम से संपर्क किया। उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर युवक की संभावित लोकेशन का पता लगाया गया और पुलिस टीम को उसकी तलाश में रवाना किया गया।
रेलवे ट्रैक के आसपास मिली लोकेशन
तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को युवक के रेलवे पटरी की ओर जाने की जानकारी मिली। टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी दौरान युवक रेलवे ट्रैक के आसपास नजर आया।
पुलिस टीम को देखकर युवक वहां से आगे बढ़ने लगा और टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की दिशा में जाने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
समझाइश के बाद परिजनों को सौंपा
युवक को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस ने उससे बातचीत की और उसकी परेशानी समझने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उसे तनावपूर्ण परिस्थितियों में जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाने तथा परिवार और भरोसेमंद लोगों से अपनी परेशानी साझा करने की समझाइश दी।
इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, आरक्षक साविल चंद्रा और साइबर थाना के आरक्षक रविंद्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंभीर तनाव या भावनात्मक परेशानी की स्थिति में अकेले न रहें और परिवार, दोस्तों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। जरूरत पड़ने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन या उपलब्ध हेल्पलाइन से सहायता ली जा सकती है।