बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला का मृतक वसीम अंसारी से शादी से पहले संबंध था। बाद में वह इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते महिला ने अपने पति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया गया। मृतक का कटा हुआ सिर एक गड्ढे में दबा मिला, जबकि धड़ करीब 200 मीटर दूर बरामद किया गया।
घर से निकला था वसीम, फिर नहीं लौटा
पुलिस के मुताबिक, कोदौरा गांव निवासी वसीम अंसारी (35) 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
अगली सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 3 अक्टूबर को उसके भाई अमीम अंसारी ने डौरा चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जंगल में मिला कटा हुआ सिर
गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में कटा हुआ सिर दबे होने की सूचना मिली। पुलिस ने मृतक के भाई को बुलाकर पहचान कराई, जिसके बाद सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की गई।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। जांच के दौरान सिर से करीब 200 मीटर दूर एक अन्य गड्ढे से मृतक का धड़ भी बरामद किया गया।
संदेह के आधार पर पति-पत्नी से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों की भूमिका सामने आई। पुलिस का दावा है कि मनबासो का शादी से पहले वसीम के साथ संबंध था। शादी के बाद भी इस रिश्ते को लेकर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, मनबासो इस संबंध को खत्म करना चाहती थी, जबकि वसीम कथित तौर पर संपर्क बनाए रखना चाहता था। इसके बाद दंपती ने हत्या की योजना बनाई।
मिलने के बहाने जंगल के पास बुलाया
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन करके वसीम को जंगल के पास मिलने के लिए बुलाया।
वसीम के वहां पहुंचने के बाद कथित तौर पर मनबासो और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया।
5 अक्टूबर को पुलिस ने झाड़ियों के पास गड्ढे से कटा हुआ सिर और करीब 200 मीटर दूर दूसरे गड्ढे से धड़ बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

वसीम का धड़ काफी दूर गड्ढे में मिला।

वसीम का कटा सिर झाड़ियों के पास एक गड्ढे में दफन मिला।

पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक वसीम अंसारी की फाइल फोटो।

आरोपी पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।