Meta Pixel

महिला के नाखूनों में मिला DNA बना हत्या का राज खोलने वाला सबूत, 2 साल बाद पकड़े गए 3 आरोपी

Spread the love

रायपुर में करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में महिला के नाखूनों से मिले DNA सैंपल ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हत्या के समय महिला ने खुद को बचाने के लिए आरोपियों को नोचा था, जिसके जैविक निशान उसके नाखूनों में सुरक्षित रह गए थे।

घटना 21 अगस्त 2024 की है। खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में लता साहू के घर पर शराब पीने के दौरान दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर राजू मंडल उर्फ बंगाली ने लता का गला दबाया, जबकि मनहरण सारंग ने उसके दोनों हाथ और राजेश पाल उर्फ चोटी ने दोनों पैर पकड़ रखे थे। संघर्ष के दौरान लता ने आरोपियों को नोचने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी घर में रखा कैश, साड़ी और पायल लेकर फरार हो गए। उस समय आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी थी। हालांकि, जांच के दौरान महिला के नाखूनों से मिले जैविक सैंपल का DNA प्रोफाइल तैयार कर सुरक्षित रखा गया।

करीब दो साल बाद जांच में संदिग्धों के DNA सैंपल लिए गए। पुलिस के मुताबिक पुराने DNA प्रोफाइल से मिलान करने पर तीनों आरोपियों के DNA मैच हो गए। इसके बाद पूछताछ में पुलिस ने हत्या से जुड़े घटनाक्रम का खुलासा किया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राजू मंडल के खिलाफ पहले से चोरी और हत्या समेत तीन मामले दर्ज हैं, जबकि मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट और अवैध वसूली का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

इस केस में करीब दो साल तक सुरक्षित रखा गया DNA सबूत पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुआ, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता खुला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *