संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह एंकरेज के पास कच्चे तेल के टैंकर MT Gem No. 2 पर 9 अक्टूबर को ड्रोन हमला हुआ। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। नाविकों की सुरक्षा और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए जहाज की प्रबंधन कंपनी के संपर्क में रहा जा रहा है।
खाड़ी क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर बढ़ते हमलों के बीच भारत ने समुद्री सुरक्षा के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की पहल भी की है। भारत और लाइबेरिया ने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया है।
दोनों देशों ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाने वाले हमलों की निंदा करते हुए इन्हें रोकने की अपील की है। इन घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।