Meta Pixel

जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की हत्या! पड़ोसी गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस ने किया दोहरे हत्याकांड का खुलासा

Spread the love

रायपुर/आरंग। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को संदेह था कि करीब एक साल पहले उसकी मां की मौत के पीछे बुजुर्ग दंपति का कथित जादू-टोना जिम्मेदार था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

मृतकों की पहचान सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) के रूप में हुई है। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को घर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा दंपति की हत्या किए जाने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले।

छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू (22) ने पूछताछ में बताया कि वह 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे टंगिया और हंसिया लेकर छत के रास्ते बुजुर्ग दंपति के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर भी धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

हत्या के बाद जेवरात लेकर फरार

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण और घर में रखे अन्य जेवर लेकर फरार हो गया। उसने कथित तौर पर खून लगे हथियारों को धोकर एक सफेद बोरी में रखा और तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस ने हथियार और जेवर किए बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और कथित तौर पर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के संदेह में दो बुजुर्गों की जान जाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *