Meta Pixel

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में पोषण जागरूकता पर जोर, महिला हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव

Spread the love

दुर्ग, 28 सितंबर 2026/महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना दुर्ग शहर के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं एएनएम को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य, पोषण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उनके योगदान के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पांडेय, परियोजना अधिकारी श्रीमती अनिता सिंह, पर्यवेक्षक श्रीमती सीपी चंद्राकर, स्वास्थ्य विभाग की बीईटीओ श्रीमती रीता रानी एवं एएनएम श्रीमती अनिता डेविड सहित जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। हितग्राही श्रीमती श्रद्धा साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने गर्भावस्था के दौरान अपने पोषण तथा प्रसव के बाद स्वयं एवं बच्चे के पोषण और दवाइयों के लिए किया। वहीं महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती ज्योति गुप्ता ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से उन्होंने अपनी पुत्री के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाया है, जिसमें वे प्रतिमाह 250 रुपये जमा करती हैं।
कार्यक्रम में पौष्टिक एवं मिलेट्स व्यंजनों के साथ संतुलित आहार की प्रदर्शनी लगाई गई। दान में प्राप्त खिलौनों का भी प्रदर्शन किया गया। महिलाओं एवं बच्चों के लिए रंगोली, मेहंदी, चम्मच दौड़, फुगड़ी, ग्लास रिले रेस और कुर्सी दौड़ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *