रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। बारिश में कमी के चलते कई इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे उमस और गर्मी का असर भी महसूस किया जा रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं।
कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
विभाग के मुताबिक, आज से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में फिर से तेजी आने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
तापमान में भी मिल सकती है राहत
वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं। मानसून की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश की तीव्रता और उसका दायरा अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रह सकता है।