Meta Pixel

कवर्धा में शासकीय मेडिकल कॉलेज की शुरुआत, 50 MBBS सीटों पर 35 छात्रों ने लिया प्रवेश

Spread the love

कवर्धा जिले के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है। कवर्धा में शासकीय मेडिकल कॉलेज का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। कॉलेज में MBBS की कुल 50 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें से प्रथम बैच में अब तक 35 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।

प्रथम बैच के विद्यार्थियों का स्वागत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने गुलाब का फूल देकर किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने छात्रों से बातचीत की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अलग-अलग जिलों से पहुंचे मेडिकल छात्र

कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले बैच में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से विद्यार्थी पहुंचे हैं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान छात्रों को मेडिकल किट भी प्रदान की गई।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और पूरी मेहनत व समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

‘डॉक्टर बनने के साथ समाजसेवा भी करें’

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छात्रों का उद्देश्य केवल डॉक्टर बनना नहीं होना चाहिए, बल्कि चिकित्सा के माध्यम से समाज और देश की सेवा करना भी होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है। विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था की गई है और पढ़ाई से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में कवर्धा मेडिकल कॉलेज के प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाने की उम्मीद जताई गई।

सांसद संतोष पांडेय ने बताया वर्षों पुराना सपना

सांसद संतोष पांडेय ने कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत को वर्षों पुराने सपने के साकार होने की दिशा में कदम बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए उन्होंने लोकसभा में कई बार आवाज उठाई और केंद्र सरकार को पत्र भी लिखे।

सांसद के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के लिए भव्य भवन का निर्माण कार्य जारी है। भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों को नए परिसर में पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी।

मेडिकल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा लाभ

कवर्धा में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के विस्तार के साथ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *