नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट में बड़ा बदलाव हुआ है। हरमनप्रीत कौर ने टीम इंडिया के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। यह फैसला BCCI की गुवाहाटी में हुई बैठक के एक दिन बाद सामने आया है।
बैठक में हरमनप्रीत कौर के अलावा उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद थे। बैठक में टीम के भविष्य और नेतृत्व को लेकर चर्चा हुई। हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना को कप्तानी सौंपे जाने की संभावना जताई जा रही है।
कप्तानी में रचा इतिहास
हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी कप्तानी में भारत ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और हरमनप्रीत वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान बनीं।
उनकी कप्तानी में भारत ने एशिया कप में भी सफलता हासिल की। 2012, 2016, 2022 और 2026 में भारतीय टीम ने एशिया कप खिताब जीता। हालांकि 2012 के फाइनल में ही हरमनप्रीत ने कप्तानी की थी, जबकि टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में मिताली राज टीम की कप्तान थीं।
भावुक संदेश में कही दिल की बात
कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद हरमनप्रीत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे आसान फैसला नहीं बताया। उन्होंने कहा कि कप्तानी के सफर में वर्षों की यादें, भावनाएं, त्याग और कई ऐसे पल जुड़े हैं, जो हमेशा उनके साथ रहेंगे।
उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी करने को अपने करियर का बेहद खास अनुभव बताया और टीम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हरमनप्रीत के नाम कई बड़े रिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर का अंतरराष्ट्रीय करियर रिकॉर्ड से भरा रहा है।
- 2017 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 171 रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
- 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं।
- 200 इंटरनेशनल T20 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं।
- 2026 में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड बनाया।
- 150 T20I में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं।
- 2017 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- 2026 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
एशियन गेम्स में भी शानदार रिकॉर्ड
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दो स्वर्ण पदक जीते। टीम इंडिया ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीता था। इसके बाद 2026 नागोया एशियन गेम्स में भी भारत ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
2009 में शुरू हुआ था अंतरराष्ट्रीय सफर
हरमनप्रीत कौर ने वर्ष 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उनके नाम 8 टेस्ट, 164 वनडे और 210 T20 इंटरनेशनल मैच दर्ज हैं।
अब स्मृति मंधाना की बारी?
हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल भारतीय महिला टीम के अगले कप्तान को लेकर है। स्मृति मंधाना इस दौड़ में सबसे आगे मानी जा रही हैं। वह पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुकी हैं और टीम के नेतृत्व का अनुभव रखती हैं।
हालांकि अंतिम फैसला BCCI की ओर से आधिकारिक रूप से घोषित किया जाना बाकी है।
हरमनप्रीत का कप्तानी युग खत्म होने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट अब नए नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है।