भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 द्वारा नंदिनी माइंस अस्पताल में ‘मिशन लक्ष्मी’ के तहत एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं, संविदा महिला कर्मचारियों, शिक्षकों और स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, कैंसर की रोकथाम, स्वच्छता और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन लक्ष्मी’ के तहत जेएलएनएचआरसी की चिकित्सा टीम एवं बीएसपी के सीएसआर विभाग द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। नंदिनी माइंस में आयोजित शिविर भी इसी पहल का हिस्सा रहा।
शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार ने किया। इस अवसर पर सेक्टर-9 अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकों और अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका ताम्रकार ने बाल स्वास्थ्य, पोषण और नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुहा ने महिलाओं में कैंसर जागरूकता, प्रजनन स्वास्थ्य, स्तनपान और मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सहायक प्रबंधक सुश्री लता मिश्रा ने स्वस्थ जीवनशैली एवं संतुलित आहार के महत्व को बताया, जबकि सहायक प्रबंधक सुश्री शशि सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। नंदिनी माइंस की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा शर्मा ने महिला सुरक्षा और कार्यस्थल पर स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। डॉ. साध्वी (डीएनबी) ने भी चिकित्सकीय परामर्श सत्र में योगदान दिया।
शिविर में डीएवी और सीपीएस विद्यालयों की छात्राओं, शिक्षकों, संविदा महिला कर्मचारियों तथा स्थानीय महिलाओं सहित कुल 65 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 65 रक्त नमूने एकत्र कर हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्लूकोज, सिकलिंग और ब्लड ग्रुप की जांच की गई। महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक पहचान एवं रोकथाम के लिए पैप स्मीयर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जरूरतमंद प्रतिभागियों को निःशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान, समय पर जांच और नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा मरीजों की बेहतर देखभाल के उद्देश्य से नंदिनी माइंस अस्पताल को कार्डियक मॉनिटर उपलब्ध कराया गया। इस पहल से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री लता मिश्रा के संचालन में स्वास्थ्य विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए। सही उत्तर देने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए 20 पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन में उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिकारियों, अतिथियों और छात्राओं ने महिला स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस गतिविधि के माध्यम से स्वास्थ्य के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. उदय कुमार, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. संबिता पंडा तथा महाप्रबंधक प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) श्री संजय कुमार का मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (फ्लक्स) श्री चिंतला श्रीकांत, महाप्रबंधक (नंदिनी खदान) श्री सुधाकर जामुलकर, महाप्रबंधक श्री संजय शर्मा, उप महाप्रबंधक (नंदिनी) श्री ओमेन टेटे एवम श्री संतोष खांडे सहित डॉ. पूजा शर्मा की उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
शिविर के सफल आयोजन में जेएलएनएचआरसी के टेक्नोलॉजिस्ट श्री मनीष, श्री सुनील, सुश्री सारिका और सहायक सुश्री सरिता सहित नंदिनी अस्पताल के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।