Meta Pixel

रायपुर में पत्नी के साथ टहल रहे पति का मोबाइल झपटा, एक आरोपी गिरफ्तार; 80 हजार का मोबाइल और स्कूटी जब्त

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। संतोषी नगर इलाके में पत्नी के साथ टहल रहे एक व्यक्ति के हाथ से स्कूटी सवार दो बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

पत्नी के साथ टहल रहे व्यक्ति का मोबाइल छीना

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद फारूख चांगल ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की रात वह अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान संतोषी नगर मेन रोड पर अनंत ज्वेलर्स के सामने वह अपने व्यवसाय से संबंधित ऑडियो सुनने के लिए मोबाइल कान पर लगाए हुए थे।

तभी पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। पीड़ित कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों आरोपी स्कूटी से तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

CCTV फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शेख तौहीद (20), निवासी बैद्यनाथपारा, कोतवाली थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में साथी के साथ वारदात करना स्वीकारा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी शेख तौहीद ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल झपटने की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से पीड़ित का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी जब्त कर ली है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *