जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सोनारपाल के पास जांच के दौरान मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित गोवा ब्रांड की शराब की 20 पेटियां बरामद की गईं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।
टाटा एरिया वाहन से 180 लीटर शराब बरामद
आबकारी विभाग के जगदलपुर वृत्त की टीम ने कार्रवाई के दौरान टाटा एरिया वाहन से करीब 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत लगभग ₹1.28 लाख बताई गई है।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन की अनुमानित कीमत करीब ₹7 लाख है। इस तरह शराब और वाहन सहित कुल ₹8.28 लाख का सामान जब्त किया गया है।
दुर्ग जिले का आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में दुर्ग जिले के सुपेला, शास्त्री नगर निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र कुमार जांगड़े को आरोपी बनाया गया है। वहीं, जोगेन्दर कश्यप उर्फ जोगी फरार बताया जा रहा है।
आबकारी विभाग की टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे राज्य की शराब छत्तीसगढ़ में खपाने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त गोवा ब्रांड की शराब मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित थी। इसे दूसरे राज्य से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई है।
अब आबकारी विभाग की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस कथित तस्करी में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।