भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 (एसपी-3) में आत्मनिर्भरता, उपलब्ध संसाधनों के अनुकूलतम उपयोग एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से सिंटर मशीन-1 के हर्थ लेयर हॉपर की क्षमता में सफलतापूर्वक वृद्धि सुनिश्चित की गई। उन्नत क्षमता वाले हर्थ लेयर हॉपर का उद्घाटन 29 सितम्बर 2026 को तत्कालीन महाप्रबंधक (प्रचालन, एसपी-3) श्री ए.के. बेडेकर एवं श्री एस.सी. चांवरिया ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी-3) श्री राहुल बिजुरकर, महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) श्री भादेव टुडू सहित एसपी-3 के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंटर मशीन-1 के हर्थ लेयर हॉपर की मूल भंडारण क्षमता लगभग 60 टन थी, जिससे हर्थ लेयर सिंटर कन्वेयर रूट पर लगभग 45 मिनट तक सिंटर की आपूर्ति बनाए रखना संभव था। 45 मिनट से अधिक समय लेने वाले निवारक अनुरक्षण कार्य अथवा ब्रेकडाउन की स्थिति में सीमित भंडारण क्षमता के कारण हर्थ लेयर की आपूर्ति बाधित होने से सिंटर मशीन को रोकने की स्थिति में उत्पादन प्रभावित होने की संभावना रहती थी।
इस परिचालन संबंधी समस्या के समाधान तथा हर्थ लेयर प्रणाली की विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से तत्कालीन महाप्रबंधक (प्रचालन, एसपी-3) श्री ए.के. बेडेकर एवं श्री एस.सी. चांवरिया के मार्गदर्शन में बहु-विभागीय टीम द्वारा इस विषय पर कार्य करते हुए हर्थ लेयर हॉपर की संरचना का परीक्षण कर इसकी भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए संयंत्र के आंतरिक क्षमताओं के माध्यम से समाधान विकसित कर मौजूदा हॉपर की ऊंचाई वृद्धि के लिए 12 मिलीमीटर मोटी एमएस प्लेटों का उपयोग करते हुए आवश्यक संशोधन कार्य किया गया। इस कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद हॉपर की भंडारण क्षमता 60 टन से बढ़कर लगभग 110 टन हो गई, जिससे इसकी क्षमता में लगभग 50 टन की वृद्धि हुई।
इससे हर्थ लेयर सिंटर के अतिरिक्त भंडारण और पैलेट पर निर्धारित थिकनेस बनाए रखने में सुविधा होगी। साथ ही, रूट कन्वेयर के प्रिवेंटिव मेंटेनेंस का समय 45 से बढ़कर 90 मिनट होने से सिंटर उत्पादन अप्रभावित रहेगा। बढ़े हुए अनुरक्षण समय से प्रिवेंटिव मेंटेनेंस एवं छोटे ब्रेकडाउन के समयबद्ध निराकरण में सुविधा होगी, जिससे उपकरणों की विश्वसनीयता और हर्थ लेयर रूट की उपलब्धता में सुधार होगा। अतिरिक्त हर्थ लेयर सिंटर की उपलब्धता से पर्याप्त हर्थ लेयर के साथ मशीन का संचालन संभव होगा। इससे ग्रेट बार की सेवा आयु बढ़ाने तथा मशीन को स्थिर करने में लगने वाले समय को कम करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, S105 BC के रिवर्सल की आवृत्ति में लगभग 40 प्रतिशत कमी आने से S105 BC एवं इसके मोटर की सेवा आयु में भी वृद्धि होगी।
महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री आर.डी. शर्मा, उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री एम.यू. राव, उप महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री एस.के. सतपथी, उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) श्री डी.के. गुप्ता, सहायक महाप्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री जितेश शाहानी, सहायक महाप्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) श्री एस.के. गुप्ता, वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री निरंजन एक्का, वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री विपिन मौर्य, प्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री दिनेश मानिकपुरी एवं प्रबंधक (इंस्ट्रूमेंटेशन) श्री वी.के. चौधरी सहित बहु-विभागीय टीम के समन्वित प्रयासों से इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने आंतरिक क्षमताओं, प्रभावी टीमवर्क एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से क्षमता वृद्धि कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए बहु-विभागीय टीम को बधाई दी। यह पहल सिंटर मशीन-1 की उपकरण विश्वसनीयता बढ़ाने, निवारक अनुरक्षण के लिए समय उपलब्ध कराने तथा उत्पादन प्रदर्शन बनाए रखने में सहायक होगी।