Meta Pixel

India Mobile Congress 2026 शुरू: 6G, AI और सैटेलाइट इंटरनेट पर रहेगा फोकस, 100 देशों के 1.5 लाख से ज्यादा लोग होंगे शामिल

Spread the love

India Mobile Congress 2026: एशिया के बड़े टेक इवेंट्स में शामिल इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) का 10वां संस्करण आज से दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में शुरू हो गया है। यह टेक इवेंट 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार कार्यक्रम में 6G, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और साइबर सिक्योरिटी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर खास जोर रहेगा।

आयोजकों के मुताबिक, IMC 2026 में करीब 100 देशों से 1.5 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा ले सकते हैं। कार्यक्रम में 500 स्टार्टअप और 400 से अधिक कंपनियां अपनी नई तकनीकों और इनोवेशन का प्रदर्शन करेंगी।

साइबर फ्रॉड और डीपफेक से निपटने पर जोर

इंडिया मोबाइल कांग्रेस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने GSMA बोर्ड के सदस्यों के साथ मुलाकात की। इस दौरान साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए लगातार अलर्ट और चेतावनी संदेश भेजने की व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने डीपफेक और AI से तैयार कंटेंट के वास्तविक स्रोत की पहचान करने वाली व्यवस्था विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। इसके साथ ही नई तकनीकों के लिए वैश्विक स्तर पर समान नियम बनाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

GSMA सदस्यों ने भारत में 4G और 5G नेटवर्क के तेज विस्तार तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रगति की सराहना की। साथ ही 5G, 6G, AI और सैटेलाइट इंटरनेट के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

‘Scale Without Boundaries’ है इस साल की थीम

IMC 2026 की थीम ‘Scale Without Boundaries’, यानी ‘बिना रुकावट विस्तार’ रखी गई है। इस आयोजन में दुनियाभर की टेक कंपनियां, टेलीकॉम ऑपरेटर, स्टार्टअप और टेक एक्सपर्ट्स एक मंच पर नजर आएंगे।

सरकार का जोर इस बात पर है कि 6G, AI और दूसरी नई तकनीकें सिर्फ रिसर्च और प्रयोगशालाओं तक सीमित न रहें, बल्कि उनका इस्तेमाल जल्द से जल्द आम लोगों और उद्योगों के लिए किया जा सके।

चार प्रमुख हिस्सों में आयोजित होगा IMC

1. सृष्टि – फ्यूचर टेक्नोलॉजी और इनोवेशन

इस सेक्शन में भविष्य की डिजिटल तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें 6G, AI आधारित टेलीकॉम नेटवर्क, क्वांटम कम्युनिकेशन, सेमीकंडक्टर, AI चिप्स और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी तकनीकें प्रमुख रहेंगी।

2. संवर्धन – बिजनेस ग्रोथ और 5G के नए इस्तेमाल

इस हिस्से में तकनीक को रिसर्च से आगे बढ़ाकर व्यावसायिक इस्तेमाल में लाने पर चर्चा होगी। 5G से नए बिजनेस मॉडल, मोबाइल डिवाइस में सैटेलाइट इंटरनेट, टेलीकॉम उपकरण, रोबोटिक्स और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन जैसे विषयों पर फोकस रहेगा।

3. सशक्त – सस्टेनेबिलिटी और डिजिटल पहुंच

इस सेक्शन में पर्यावरण के अनुकूल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया जाएगा। ग्रीन टेलीकॉम टेक्नोलॉजी, ई-वेस्ट मैनेजमेंट, ग्रीन एनर्जी और कम पर्यावरणीय प्रभाव के साथ डिजिटल सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे इसमें शामिल होंगे।

4. सुरक्षा – साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल ट्रस्ट

इस हिस्से में डिजिटल दुनिया की सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर मंथन होगा। इसमें साइबर अटैक, स्पैम और ऑनलाइन फ्रॉड से सुरक्षा, डेटा प्राइवेसी, AI के लिए नियम और समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल की सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं।

भारत के टेक्नोलॉजी मिशन के लिए अहम मंच

IMC 2026 को भारत के 6G, AI, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विजन को दुनिया के सामने रखने के बड़े मंच के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यहां होने वाली घोषणाओं और टेक्नोलॉजी डेमो पर दुनिया की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *