India vs West Indies 3rd ODI: न्यू चंडीगढ़ में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे वनडे के बाद ICC ने दोनों टीमों पर स्लो ओवर-रेट के लिए जुर्माना लगाया है। भारत के खिलाड़ियों की मैच फीस का 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की मैच फीस का 10 प्रतिशत काटा जाएगा।
टाइम अलाउंस को ध्यान में रखने के बाद भारत निर्धारित समय से 4 ओवर पीछे रहा, जबकि वेस्टइंडीज की टीम 2 ओवर पीछे रही।
ICC के नियम के तहत लगा जुर्माना
ICC की खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने पर प्रत्येक कम ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
इसी नियम के आधार पर भारत पर 4 ओवर कम रहने के कारण 20 प्रतिशत, जबकि वेस्टइंडीज पर 2 ओवर की कमी के लिए 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
दोनों कप्तानों ने स्वीकार की गलती
ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने दोनों टीमों पर यह कार्रवाई की। भारत और वेस्टइंडीज के कप्तानों ने अपनी-अपनी टीम की गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया।
कप्तानों के आरोप स्वीकार करने के बाद इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
चारों अंपायरों ने लगाए थे चार्ज
स्लो ओवर-रेट के आरोप ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की ने लगाए थे। थर्ड अंपायर शराफुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर वीरेंद्र शर्मा भी चार्ज लगाने की प्रक्रिया में शामिल रहे।
वेस्टइंडीज ने जीता तीसरा वनडे, भारत ने सीरीज पर किया कब्जा
तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने भारत को 5 विकेट से हराया, लेकिन भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 351 रन बनाए। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप की नाबाद 162 रन की शानदार पारी के दम पर 48.2 ओवर में 5 विकेट पर 352 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सीरीज भले ही भारत के नाम रही, लेकिन आखिरी मुकाबले के बाद दोनों टीमों पर स्लो ओवर-रेट को लेकर ICC की कार्रवाई ने भी सुर्खियां बटोरीं।