जशपुर। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में चीन को 1-0 से शिकस्त देकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा छत्तीसगढ़ की बेटियां गीता यादव और मधु सिदार भी रहीं। टीम की इस उपलब्धि के बाद जशपुर की बेटी मधु सिदार के गृह ग्राम चीड़ोरा पहुंचने पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कांसाबेल चौक पर गूंजे ढोल-नगाड़े
मधु सिदार के गांव पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी कांसाबेल चौक पर जुट गए। जैसे ही मधु वहां पहुंचीं, लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
माता-पिता और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
मधु के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में उनके माता-पिता के साथ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने मधु को जूनियर एशिया कप जीतने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा
भारतीय टीम की इस जीत में छत्तीसगढ़ की गीता यादव और मधु सिदार की मौजूदगी ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जूनियर एशिया कप में भारत की लगातार तीसरी खिताबी जीत ने देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों में भी उत्साह बढ़ा दिया है।