अमेरिकी ऑटोमोबाइल कंपनी Jeep ने अपनी मशहूर ऑफ-रोड एसयूवी Wrangler के खास Whitecap Mojito Edition से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इस स्पेशल एडिशन के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। यह मॉडल Wrangler Unlimited पर आधारित है और इसमें एक्सटीरियर के साथ-साथ फीचर्स में भी कई खास बदलाव किए गए हैं।
Whitecap Mojito Edition को Jeep की 85वीं वर्षगांठ के मौके पर पेश की गई विशेष सीरीज का हिस्सा बताया गया है। कंपनी इसे आने वाले समय में भारतीय बाजार में भी उतार सकती है।
ग्रीन बॉडी और व्हाइट रूफ का कॉम्बिनेशन
नए स्पेशल एडिशन की सबसे अलग पहचान इसका डुअल-टोन एक्सटीरियर है। एसयूवी को Mojito Green बॉडी कलर के साथ सफेद छत दी गई है।
फ्रंट ग्रिल और दरवाजों पर मौजूद हॉरिजॉन्टल स्ट्राइप्स को भी सफेद रंग में फिनिश किया गया है। Jeep का यह डिजाइन पुराने CJ मॉडल्स से प्रेरित बताया जा रहा है, जिनमें सफेद रूफ का इस्तेमाल देखने को मिलता था।
इंटीरियर में प्रीमियम फीचर्स
केबिन के मामले में Whitecap Mojito Edition का लेआउट Wrangler Unlimited के समान ही रखा गया है। इसमें 12.3 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट यूनिट और प्रीमियम Alpine ऑडियो सिस्टम दिया गया है।
फ्रंट सीटों में पावर एडजस्टमेंट के साथ ही हीटिंग फंक्शन भी उपलब्ध होगा। सुरक्षा और ड्राइविंग सहायता के लिए SUV में Level-2 ADAS तकनीक भी दी जाएगी।
पावरट्रेन में नहीं हुआ बदलाव
Jeep ने इस स्पेशल एडिशन के मैकेनिकल सेटअप में बड़ा बदलाव नहीं किया है। इसमें पहले की तरह 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है।
यह इंजन 268 bhp की अधिकतम पावर और 400 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। इसके साथ 4WD सिस्टम मिलता है, जो ऑफ-रोड परिस्थितियों में SUV की क्षमता को बेहतर बनाता है।
भारत में सीमित यूनिट्स में हो सकती है एंट्री
Jeep Whitecap Mojito Edition को अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में पेश कर चुकी है। अब भारतीय बाजार में भी इसकी एंट्री की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में इसे सीमित संख्या में उतारा जा सकता है।
फिलहाल भारतीय बाजार में Wrangler के Unlimited, Rubicon और Willys 41 वेरिएंट बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। Wrangler Unlimited की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹66.20 लाख है।
नए Whitecap Mojito Edition की कीमत स्टैंडर्ड मॉडल से लगभग ₹2 लाख से ₹4 लाख अधिक हो सकती है। इस अनुमान के आधार पर इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹68 लाख से ₹70 लाख के बीच पहुंच सकती है। हालांकि, भारतीय बाजार के लिए अंतिम कीमत की पुष्टि Jeep की आधिकारिक लॉन्च घोषणा के बाद ही होगी।