Meta Pixel

सारंगढ़ में पागल कुत्ते ने 31 लोगों को काटा, VIDEO:महिला-बुजुर्ग और बच्चों को नोचा, गहरे घाव हुए, बलौदाबाजार में 13 लोगों को बनाया शिकार

Spread the love

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक पागल कुत्ते ने करीब 31 लोगों को काट दिया। शहर के 5 मोहल्लों में कुत्ते ने पिछले 2 दिन से उत्पात मचाया है। गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा, प्रतापगंज और बाजार चौक के रहवासियों को कुत्ते ने बुरी तरह काटकर घायल कर दिया है।

घायलों में 22 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों के हाथ-पैर और जांघ पर काफी गहरे घाव हुए हैं। इनमें 5 लोगों को गंभीर चोट आई हैं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मरीजों को सीरम और वैक्सीन दे दी गई है।

बताया जा रहा है कि गांव वालों ने गुस्से में कुत्ते को मार डाला है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। लोगों में अभी भी डर बना हुआ है। इस पूरी घटना में निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। पागल कुत्ते के लोगों को काटते हुए CCTV फुटेज भी सामने आया है।

वहीं बलौदाबाजार में भी शनिवार को पागल कुत्ते ने 13 लोगों को शिकार बनाया। आतंक मचाने वाले कुत्ते को लोगों ने कड़ी मश्क्कत के बाद पकड़ा और उसे मार डाला।

लोगों में डर और चिंता

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रभावित क्षेत्रों में लोग अब सड़क पर निकलते समय खास सावधानी बरत रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि अगर कुत्ते को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो वह और लोगों को अपना शिकार बना सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता है।

निगम से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद शहरवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में राहगीरों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

बलौदाबाजार में पागल कुत्ते को मारा गया

ठीक इसी तरह का मामला बलौदाबाजार जिले से भी सामने आया है। जहां शनिवार को पलारी में पागल कुत्ते ने 13 लोगों को काट दिया। घंटो तक आंतक मचाने के बाद ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ा और उसे मार डाला।

कुत्ते ने कब-कब किसको काटा

  1. साढ़े तीन साल के बादल घृतलहरे को तबीयत खराब होने पर परिजन पलारी अस्पताल लाए थे। खून की जांच के लिए उसे लैब के सामने ले जाया जा रहा था, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।
  2. हमले का शिकार हुए लोगों में भवानीपुर के 53 साल के तोमन लाल सेन भी शामिल थे। वे बस से पलारी पहुंचे थे और बस स्टैंड पर कुत्ते ने उनके पैर में काट लिया।
  3. इसी जगह गांव जाने के लिए अपने 20 महीने के बेटे पूरब देवांगन के साथ पहुंची 24 साल की अमरीका देवांगन को भी कुत्ते ने काटा।
  4. जगलोर के 7 साल के विवान मांडेकर की कमर और 10 साल के केवास डीडी के हाथ व कंधे पर कुत्ते ने हमला किया।
  5. स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे छात्र समीर साहू के पैर में सड़क पर कुत्ते ने हमला किया।
  6. इसके अलावा, 17 साल की प्रेरणा कनौजे के पैर और जांघ, 12 साल की हिमानी कुर्रे के पैर, 10 साल की प्रज्ञा यादव के सीने, 18 साल की लक्ष्मी डहरिया के पैर, 12 साल के दिनेश साहू के कंधे और पीठ, साथ ही 7 साल की भूमि गेंड़रे के हाथ में भी कुत्ते ने काटा।
  7. पुलिस थाने के पीछे क्वार्टर में रहने वाले एक पुलिसकर्मी के बच्चे को भी कुत्ते ने अपना शिकार बनाया।

अस्पताल में सभी को लगाया गया एंटी रैबीज

पलारी अस्पताल के बीएमओ डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि सुबह एक बच्चे को लैब के सामने कुत्ते ने काटा था। इसके बाद लगातार घायल अस्पताल पहुंचते रहे और शाम तक 13 लोगों का उपचार किया गया। सभी घायलों को एंटी रैबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोबुलिन की डोज दी गई है।

पशु चिकित्सक डॉ. पुष्पा चंद्राकर ने बताया कि रेबीज वायरस से संक्रमित कुत्ते में आक्रामकता बढ़ सकती है और वह बिना कारण लोगों पर हमला कर सकता है। ऐसे कुत्ते को तुरंत अलग करना जरूरी है। उन्होंने लोगों को आवारा और संदिग्ध व्यवहार करने वाले कुत्तों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *