बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया माओवादी हथियार डंप बरामद किया है। तलाशी के दौरान SLR/LMG, INSAS रायफल, .315 बोर बंदूक और BGL लॉन्चर समेत बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य सामग्री मिली है।
डिमाइनिंग के दौरान मिला जमीन के नीचे छिपा डंप
सुरक्षा बलों की टीम लंका पहाड़ी के जंगल में नियमित सर्चिंग, चेकिंग और डिमाइनिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जमीन के नीचे कुछ सामग्री छिपाकर रखे जाने का संदेह हुआ। जांच और तलाशी के बाद वहां से हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया। सुरक्षा बलों ने बरामद सभी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
SLR से लेकर BGL लॉन्चर तक बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में 1 SLR/LMG रायफल, 1 INSAS रायफल, 1 .315 बोर बंदूक और 2 BGL लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा 17 BGL सेल, 1 चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड और 15 BGL कारतूस भी मिले हैं। मौके से 4 SLR मैगजीन और 1 .315 बोर मैगजीन सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
जंगलों में लगातार जारी है सर्चिंग अभियान
बीजापुर के संवेदनशील और घने जंगलों वाले इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य माओवादी गतिविधियों से जुड़े संभावित ठिकानों और पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों का पता लगाना है।
सितंबर के दौरान बीजापुर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा ऐसे हथियार डंप बरामद किए जाने की कार्रवाई सामने आई है। इससे पहले भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल में भी तलाशी अभियान के दौरान AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट बंदूक, पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए थे। सुरक्षा बलों का अभियान संवेदनशील वन क्षेत्रों में लगातार जारी है।