बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को शुरुआत में रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित कार के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल ने बिलासपुर में सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया था। वायरल वीडियो में कार की डिक्की खोलकर उसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा दिखाई दे रहा है। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। वीडियो में सड़क पर आतिशबाजी करते हुए भी कुछ लोग नजर आ रहे हैं।
रायपुर का समझा जा रहा था वीडियो
विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में होने के कारण शुरुआत में सोशल मीडिया पर वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आया कि जन्मदिन का यह आयोजन बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर हुआ था। सड़क पर वाहन खड़ा कर जश्न मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
आधी रात सड़क पर खड़ी थी कार, आवागमन बाधित होने की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस आयोजन के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना होने की आशंका थी। अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कार मालिक और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर जश्न मनाने को लेकर हाईकोर्ट भी जता चुका है सख्ती
सार्वजनिक सड़कों पर केक काटने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने जैसी घटनाओं को लेकर हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। ऐसे मामलों में कार्रवाई और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने को लेकर निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है।
सड़क पर जन्मदिन मनाने का यह मामला एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन और यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है।

नायब तहसीलदार विपिन पटेल गाड़ी ओपन करके सेलिब्रेशन करते हुए।

नायब तहसीलदार विपिन पटेल का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

नायब तहसीलदार विपिन पटेल सड़क में खड़े होकर आतिशबाजी करते हुए।