Meta Pixel

रायपुर में गांजा तस्करी का नया तरीका! ओडिशा के सप्लायर अब घर तक पहुंचा रहे नशे की खेप

Spread the love

रायपुर। गांजा समेत अन्य सूखे नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद तस्करों ने अपना तरीका बदलना शुरू कर दिया है। अब रायपुर के स्थानीय तस्कर ओडिशा जाकर गांजा लाने के बजाय ओडिशा के सप्लायरों को रायपुर बुलाकर सीधे डिलीवरी लेने की कोशिश कर रहे हैं।

एक मीडिया स्टिंग ऑपरेशन में इस तरह के नेटवर्क का खुलासा होने का दावा किया गया है। बातचीत के दौरान रायपुर में गांजा पहुंचाकर देने के लिए 15 हजार रुपए प्रति किलो तक का सौदा तय करने की बात सामने आई।

Instagram पर ‘ओडिशा साग’ के नाम से विज्ञापन

जांच के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसे विज्ञापन भी सामने आए, जिनमें सीधे गांजा शब्द का इस्तेमाल करने के बजाय कोडवर्ड का सहारा लिया गया।

एक Instagram अकाउंट से ‘High Quality Odisha Saag Available in Raipur’ जैसे शब्दों में विज्ञापन किया गया। इसमें घर तक डिलीवरी और पेमेंट ऑन डिलीवरी जैसी सुविधाओं का भी दावा किया गया।

विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए शब्दों के जरिए स्थानीय खरीदारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह विज्ञापन ‘रॉनी’ नाम के यूजर से जुड़ा बताया गया।

WhatsApp पर हुई कीमत को लेकर बातचीत

स्टिंग के दौरान सप्लायर से WhatsApp के जरिए बातचीत की गई। शुरुआत में ओडिशा में कीमत करीब 10 हजार रुपए प्रति किलो बताई गई, जबकि रायपुर में डिलीवरी के लिए कीमत बढ़ने की बात कही गई।

बातचीत के दौरान सप्लायर ने रायपुर में कीमत करीब 15 हजार रुपए प्रति किलो तक होने की जानकारी दी। अधिक मात्रा में खरीदारी करने पर कीमत कम करने की बात भी कही गई।

इस बातचीत से संकेत मिलता है कि स्थानीय स्तर पर डिलीवरी की व्यवस्था करने के लिए ओडिशा के नेटवर्क में बिचौलियों की भूमिका भी हो सकती है।

सप्लायर ने डिलीवरी के कई विकल्प बताए

बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति ने रायपुर में माल पहुंचाने के अलग-अलग विकल्पों की जानकारी देने की कोशिश की। इसमें कुरियर के जरिए सामान भेजने से लेकर सीधे डिलीवरी करने की बात शामिल थी।

कुछ विकल्पों में पहले ऑनलाइन भुगतान की शर्त बताई गई, जबकि रायपुर में माल पहुंचाने के बाद भुगतान लेने की बात भी सामने आई।

इससे यह संकेत मिलता है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए तस्करी से जुड़े लोग डिलीवरी का तरीका और नेटवर्क बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस की सख्ती के बाद बदला तस्करों का तरीका

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मुताबिक, रायपुर पुलिस की सख्ती के कारण स्थानीय गांजा तस्करों में ओडिशा जाकर सीधे माल लाने को लेकर दबाव बढ़ा है। इसी वजह से ओडिशा से जुड़े सप्लायर दूसरे माध्यमों से रायपुर में नशीला पदार्थ पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि कुरियर या किसी अन्य माध्यम से गांजा मंगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का फोकस अब पूरे नेटवर्क पर

पुलिस के अनुसार कार्रवाई केवल गांजा लेकर जाने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की भी पहचान की जा रही है। इसके तहत सप्लायर, बिचौलियों और स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के साथ पुलिस अब तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों पर भी नजर रख रही है।

Cannabis smuggling,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *