Meta Pixel

सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के ठगी केस में नोरा फतेही की गवाही, कोर्ट में बताया- एम्प्लॉयमेंट वीजा पर रह रही हूं भारत में

Spread the love

बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की वसूली के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराया। शुक्रवार, 6 नवंबर को अदालत में पेश हुईं नोरा ने बताया कि वह टी-सीरीज के एम्प्लॉयमेंट वीजा पर भारत में रह रही हैं। इस मामले में अभिनेत्री आरोपी नहीं हैं, बल्कि उन्हें गवाही के लिए समन जारी किया गया था।

सुनवाई के दौरान नोरा ने चेन्नई में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम, सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉलोस से मुलाकात और उनसे मिले उपहारों से जुड़ी जानकारी भी साझा की।

चेन्नई के चैरिटी कार्यक्रम से जुड़ा है नोरा का नाम

दरअसल, सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले की जांच के दौरान दिसंबर 2020 में नोरा फतेही का नाम सामने आया था। उस समय वह चेन्नई के एक पांच सितारा होटल में आयोजित चैरिटी कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इस कार्यक्रम का आयोजन सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉलोस ने किया था।

नोरा को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। उन्हें डांस प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाने और दिव्यांग बच्चों को पैसे बांटने के लिए भी बुलाया गया था।

अभिनेत्री ने जांच अधिकारियों को बताया था कि कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात लीना से हुई थी। इससे पहले वह सुकेश चंद्रशेखर को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानती थीं।

लीना ने गिफ्ट किया था Gucci बैग और iPhone

जांच के दौरान नोरा ने अधिकारियों को बताया था कि चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के बाद लीना मारिया पॉलोस ने उन्हें लग्जरी ब्रांड Gucci का बैग और एक iPhone उपहार में दिया था।

इसके बाद लीना ने फोन पर उनकी बातचीत अपने पति सुकेश चंद्रशेखर से करवाई थी। नोरा के मुताबिक, बातचीत के दौरान सुकेश ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनका धन्यवाद किया और कहा कि वह तथा उनकी पत्नी उनके प्रशंसक हैं।

इसी बातचीत के दौरान सुकेश ने नोरा को BMW कार गिफ्ट करने की पेशकश भी की थी। अभिनेत्री ने बताया था कि शुरुआत में वह इतनी महंगी कार लेने को लेकर सहज नहीं थीं, लेकिन सुकेश लगातार इस बारे में बात करता रहा।

बाद में सुकेश ने नोरा के रिश्तेदार बॉबी से संपर्क किया। इसके बाद BMW कार बॉबी से जुड़ी पाई गई थी।

फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर भी हुई थी बातचीत

नोरा के बयान के मुताबिक, सुकेश और बॉबी के बीच संभावित कारोबारी अवसरों को लेकर भी बातचीत हुई थी। इसमें एक फिल्म प्रोजेक्ट का विचार भी शामिल था।

अभिनेत्री ने जांचकर्ताओं को बताया था कि वह सुकेश को पहले से नहीं जानती थीं और चेन्नई के कार्यक्रम में लीना के माध्यम से ही उनसे पहली बार बातचीत हुई थी।

2 नवंबर को भी कोर्ट में पेश होने का मिला था निर्देश

शुक्रवार को नोरा की पेशी से पहले उन्हें 2 नवंबर को अदालत में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। हालांकि, उनके वकीलों ने कम समय में समन मिलने और पहले से तय पेशेवर व्यस्तताओं का हवाला देते हुए व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी थी। इसके बाद अदालत ने उन्हें 6 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया था।

क्या है सुकेश चंद्रशेखर का 200 करोड़ रुपये की ठगी का मामला?

यह पूरा मामला सुकेश चंद्रशेखर पर लगे करीब 200 करोड़ रुपये की वसूली के आरोपों से जुड़ा है। आरोप है कि दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान सुकेश ने खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क किया था।

जांच के मुताबिक, उसने पूर्व फोर्टिस हेल्थकेयर प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह को भी निशाना बनाया था। सुकेश ने कथित तौर पर उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया और इसके बदले पैसे मांगे।

आरोप है कि वर्ष 2020 से 2021 के बीच उसने अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये वसूले।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में यह भी सामने आया था कि सुकेश जेल के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। आरोप है कि वह तकनीक की मदद से फोन कॉल की पहचान इस तरह बदलता था कि सामने वाले को लगता था कि फोन किसी वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की ओर से किया जा रहा है।

इस मामले में नोरा फतेही की गवाही महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, स्पष्ट रहे कि अभिनेत्री इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि गवाह के तौर पर अदालत में पेश हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *