छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया में सोशल मीडिया पर धमकी भरी रील बनाने और धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर-3 गोपीबंदपारा निवासी हेमंत कुमार धावलकर (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा बरामद किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
Instagram रील के जरिए धमकी देने की शिकायत
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को सूचना मिली थी कि हेमंत धावलकर धारदार हथियार लेकर पंडरिया नगर क्षेत्र में घूम रहा है। आरोप है कि वह Instagram पर हथियार लहराते हुए रील बनाकर पंडरिया आने वाले लोगों को धमकी भी दे रहा था।
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
शराब भट्ठी के पास हथियार के साथ पकड़ा गया
डीएसपी भूपत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुकदूर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, उस समय भी आरोपी धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था।
हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए आरोपी को धारा 94 BNSS के तहत नोटिस दिया गया।
लाइसेंस नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी धारदार हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से फरसा जब्त कर लिया।
पंडरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ—
- धारा 25 आर्म्स एक्ट
- धारा 27 आर्म्स एक्ट
- धारा 351(3) भारतीय न्याय संहिता
के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
https://x.com/Haribhoomi95271/status/2100166708694835657?s=20