Rashmika Mandanna: साउथ और बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने जरूरतमंदों की मदद के लिए एक सराहनीय पहल की है। अभिनेत्री ने 400 परिवारों को अगले एक साल तक राशन उपलब्ध कराने का फैसला किया है। उनका उद्देश्य है कि राशन पर खर्च होने वाली रकम बचाकर ये परिवार अपने भविष्य के लिए बेहतर योजना बना सकें। रश्मिका ने सोशल मीडिया पर इस पहल की जानकारी साझा करते हुए अपने प्रशंसकों से भी जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की है।
रश्मिका इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रणबाली’ को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेत्री का कहना है कि फिल्म में जयम्मा का किरदार निभाते हुए उन्हें जिस तरह दूसरों की मदद करने का भाव महसूस हुआ, वह उनकी वास्तविक जिंदगी से भी जुड़ा है।
पहले चुपचाप करती थीं जरूरतमंदों की मदद
रश्मिका मंदाना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उनकी टीम जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित करती दिखाई दे रही है। अभिनेत्री ने बताया कि वह पहले भी लोगों की मदद करती थीं, लेकिन इसके बारे में सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं करती थीं।
अब उन्होंने इस पहल को सामने लाने का फैसला इसलिए किया है, ताकि उनके प्रशंसक भी इससे प्रेरित हों और अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
400 परिवारों को एक साल तक मिलेगा राशन
रश्मिका ने बताया कि इस पहल के तहत 400 परिवारों के राशन का खर्च उठाया जाएगा। हर बार तीन महीने के राशन की व्यवस्था की जाएगी और यह अभियान अगले एक साल तक जारी रहेगा।
अभिनेत्री का मानना है कि जब परिवारों को राशन खरीदने पर अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे, तो वे उस रकम को बचाकर बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य या भविष्य की दूसरी जरूरतों पर लगा सकेंगे। उन्होंने राशन में शामिल वस्तुओं की सूची भी साझा की है।
‘छोटी-सी मदद भी बदल सकती है जिंदगी’
रश्मिका ने अपने प्रशंसकों से अपील की कि किसी की सहायता करने के लिए बहुत बड़ा काम करना जरूरी नहीं है। छोटी-सी कोशिश भी किसी जरूरतमंद की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
अभिनेत्री ने अपने करियर के दौरान आई मुश्किलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि काम के दौरान चोट लगने, दर्द सहने और कई रातों तक ठीक से नींद नहीं आने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके बावजूद जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान देखकर उन्हें अपनी मेहनत सार्थक महसूस होती है।
‘रणबाली’ में विजय देवरकोंडा के साथ दिखेंगी रश्मिका
वर्कफ्रंट की बात करें तो रश्मिका मंदाना जल्द ही फिल्म ‘रणबाली’ में विजय देवरकोंडा के साथ नजर आएंगी। दोनों की शादी के बाद यह उनकी साथ में आने वाली पहली फिल्म होगी। इससे पहले यह जोड़ी ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है।
रश्मिका की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए बड़ी घोषणाओं से ज्यादा जरूरी है जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे बढ़ना।