कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा कॉलरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पुलिया धंस जाने से शिवपुर-चरचा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों पर पड़ा है। स्कूल बसों के पहिए थम गए हैं, जिससे हजारों स्कूली बच्चों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं, रोजमर्रा की जरूरतों और रसद लेकर आने-जाने वाले वाहन भी रास्ते में फंस गए हैं।
भारी कोयला परिवहन और बारिश से कमजोर हुई पुलिया
बताया जा रहा है कि, चरचा कॉलरी क्षेत्र में लगातार भारी कोयला परिवहन और पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पुलिया पर दबाव बढ़ता गया। इसके चलते पुलिया अचानक धंस गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से शिवपुर-चरचा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से करीब 25 हजार की आबादी के सामने आवागमन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
स्कूल बसों के पहिए थमे, बच्चों की परेशानी बढ़ी
मार्ग बंद होने के कारण स्कूल बसों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। इससे क्षेत्र के हजारों स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं लेकर आने वाले वाहनों की आवाजाही रुकने से स्थानीय स्तर पर जरूरी सामान की आपूर्ति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
पहले से थी चेतावनी, फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं?
पुलिया धंसने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। पुलिया की स्थिति को लेकर पहले ही चेतावनी दी जा चुकी थी, इसके बावजूद समय रहते आवश्यक मरम्मत या सुरक्षा संबंधी कदम क्यों नहीं उठाए गए, यह बड़ा सवाल है।