Salman Khan News: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने एक्ट्रेसेस की सहमति के बिना उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेने वाले पैपराजी को कड़ी चेतावनी दी है। ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार एपिसोड में नेहा धूपिया से बातचीत के दौरान सलमान ने साफ कहा कि हर सेलिब्रिटी ऐसी तस्वीरें खिंचवाना पसंद नहीं करता। इसलिए किसी की मर्जी के खिलाफ उसकी तस्वीरें लेना गलत है।
कुछ सेलिब्रिटी खुद पैसे देकर बुलाते हैं पैपराजी
सलमान खान ने कहा कि कुछ महिला और पुरुष सेलिब्रिटी खुद पैपराजी को बुलाते हैं और पैसे देकर अपनी ऐसी तस्वीरें खिंचवाते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सभी कलाकार ऐसा चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन्हें ऐसी तस्वीरें पसंद हैं, उनकी तस्वीरें ली जा सकती हैं, लेकिन जो मना करते हैं, उनकी इच्छा का सम्मान करना जरूरी है।
चेतावनी को मजाक समझने वालों पर होगी कार्रवाई
सलमान ने कहा कि कुछ पैपराजी उनकी पिछली चेतावनी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और ऐसी तस्वीरें लेना जारी रखे हुए हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अगर इसके बावजूद यह सिलसिला नहीं रुका, तो संबंधित फोटोग्राफर्स और ऐसे काम को बढ़ावा देने वाले बड़े प्लेटफॉर्म के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पहले भी पैपराजी को लगाई थी फटकार
सलमान खान इससे पहले भी एक्ट्रेसेस की जांघों और पीछे से तस्वीरें लेने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जता चुके हैं। उनका कहना है कि हर महिला की अपनी पसंद और निजता होती है। किसी को ऐसी तस्वीरों से परेशानी नहीं होती, लेकिन जिन लोगों को यह पसंद नहीं है, उनकी मर्जी के बिना ऐसा करना उचित नहीं है।
लड़कियों को विरोध करने की दी थी सलाह
सलमान ने पहले उन लड़कियों को भी विरोध करने की सलाह दी थी, जिन्हें इस तरह की तस्वीरें खिंचवाना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा था कि ऐसी हरकत होने पर लड़कियों को अपनी आवाज उठानी चाहिए। सलमान का संदेश साफ है—सेलिब्रिटी होना किसी की निजता और सहमति की अनदेखी करने का लाइसेंस नहीं है।