Saif Ali Khan Attack: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर जनवरी 2025 में हुए चाकू से हमले की दर्दनाक घटना को लेकर करीना कपूर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ में सैफ और करीना ने उस खौफनाक रात को याद किया, जब सैफ खून से लथपथ थे और करीना उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए रात में सड़क पर ऑटो तलाश रही थीं। करीना ने बताया कि वह नाइट टी-शर्ट में ही सड़क पर दौड़ पड़ी थीं और चिल्लाकर ऑटो रोकने की कोशिश कर रही थीं।
इस घटना का परिवार पर गहरा असर पड़ा था। करीना ने बताया कि हमले के बाद करीब छह महीने तक वह ठीक से सो नहीं पाईं।
नाइट टी-शर्ट में सड़क पर ऑटो रोकने दौड़ी थीं करीना
करीना कपूर ने उस रात का अनुभव साझा करते हुए बताया कि सैफ को घायल हालत में देखकर वह घबरा गई थीं। उनके पास कपड़े बदलने तक का समय नहीं था और वह नाइट टी-शर्ट में ही सड़क पर ऑटो रोकने के लिए दौड़ पड़ीं।
करीना ने कहा, “मैं अपनी नाइट टी-शर्ट में थी। अच्छा हुआ कि किसी ने इसका वीडियो नहीं बनाया। मैं सड़क पर चिल्ला रही थी- रुको, रुको।”
उन्होंने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्म के सीन जैसा लग रहा था। उस समय उनका पूरा ध्यान सैफ को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने पर था।
सैफ ने भी इस दौरान मजाकिया अंदाज में करीना की छोटी टी-शर्ट का जिक्र किया और कहा कि अगर उस समय का वीडियो बन जाता तो वह काफी अलग होता। हालांकि, उस रात परिवार के लिए हालात बेहद डरावने थे।
जेह को बचाने के लिए हमलावर से भिड़ गए थे सैफ
सैफ अली खान ने बताया कि हमलावर से उनका सामना उस समय हुआ, जब वह छोटे बेटे जेह को बचाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमलावर ने उन पर करीब 10 बार चाकू से वार किया।
सैफ के मुताबिक, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें सोचने का मौका नहीं मिला। उन्होंने अपने एक्शन फिल्मों के अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय उनका स्वाभाविक रिएक्शन हमलावर से मुकाबला करना था।
उन्होंने यह भी बताया कि घर में डाइनिंग टेबल के ऊपर एक सजावटी तलवार लगी थी, लेकिन उस वक्त उनका ध्यान उस पर नहीं गया।
सैफ ने जेह की एक मासूम बात भी साझा की। उन्होंने बताया कि जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार देते हुए कहा था कि अगली बार चोर आए तो इसका इस्तेमाल करना। सैफ के मुताबिक, घटना देखने के बाद जेह उन्हें अपना रक्षक मानता है।
तैमूर ने पूछा था- क्या अब्बा मरने वाले हैं?
करीना ने बताया कि जब उन्होंने लिफ्ट में सैफ को घायल हालत में देखा तो वह बुरी तरह घबरा गई थीं। उस समय बड़ा बेटा तैमूर भी उनके साथ था।
करीना ने कहा कि तैमूर ने अपने पिता को खून से लथपथ देखकर पूछा था, “अब्बा, क्या आप मरने वाले हैं?”
यह सवाल सुनकर उस रात परिवार पर क्या बीती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। करीना ने बताया कि सैफ ने उन्हें अस्पताल ले जाने का इशारा किया था।
सैफ के गले और पीठ पर आई थीं गंभीर चोटें
हमले में सैफ को गले और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं। उनके गले पर गहरे घाव थे, जबकि टूटे हुए चाकू का एक हिस्सा उनकी पीठ में फंस गया था।
सैफ ने बताया कि चोटें काफी गहरी थीं और उनकी रीढ़ पर भी असर पड़ा था। इसके कारण उनके पैर में संवेदना कुछ कम हो गई थी।
उन्होंने चाकू की खराब गुणवत्ता का जिक्र करते हुए कहा कि वह चाकू टूट गया था। उनके मुताबिक, अगर चाकू थोड़ा बेहतर होता तो परिणाम और गंभीर हो सकते थे।
करीना ने भी बताया कि चाकू थोड़ा और अंदर चला जाता तो चोट जानलेवा साबित हो सकती थी।
इब्राहिम सर्जरी के बाद पिता को देखकर रो पड़े थे
सैफ ने बताया कि ऑपरेशन के बाद जब उन्हें होश आया तो परिवार के सदस्य उनके पास मौजूद थे। उस दौरान बड़े बेटे इब्राहिम अली खान की प्रतिक्रिया देखकर वह भावुक हो गए।
सैफ ने कहा कि उन्होंने इब्राहिम को आमतौर पर इस तरह भावनाएं जाहिर करते नहीं देखा था। उसकी आंखों में आंसू थे और वह काफी गुस्से में था।
सैफ के मुताबिक, इब्राहिम परिवार की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित था और हमलावर को पकड़ना चाहता था।
घर में उस रात ड्राइवर क्यों नहीं था?
बातचीत के दौरान सैफ और करीना ने यह भी बताया कि हमले वाली रात घर पर ड्राइवर मौजूद क्यों नहीं था।
सैफ ने बताया कि उनका ड्राइवर शाम को अपने परिवार के पास घर चला जाता है, इसलिए उस रात घर में कोई ड्राइवर नहीं था।
इसके बाद परिवार को सैफ को अस्पताल पहुंचाने के लिए ऑटो रिक्शा का सहारा लेना पड़ा। उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
शो में करिश्मा कपूर का फोन कॉल भी रहा चर्चा में
‘कॉफी विद करण’ के दौरान एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। गेम राउंड में करीना ने अपनी बहन करिश्मा कपूर को फोन किया और उनसे पूछा कि क्या चल रहा है।
करिश्मा ने जवाब दिया कि वह करीना और मीरा को देख रही हैं और हर जगह उन्हीं की चर्चा हो रही है।
इसके बाद करण जौहर ने करिश्मा को याद दिलाया कि वह ‘कॉफी विद करण’ के सेट पर हैं और उन्हें ज्यादा कुछ नहीं बोलना चाहिए। इस पर करिश्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “तुम मेरे साथ ऐसा नहीं कर सकतीं!”