सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह सड़क किनारे 18 वर्षीय छात्र का शव मिला था। उसकी पहचान होने के बाद पुलिस जब घर पहुंची, तो उसकी मां का शव भी मकान के बाथरूम में मिला। शुरुआती जानकारी में दोनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क किनारे मिला था 12वीं के छात्र का शव
जानकारी के मुताबिक, जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। युवक के शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआती आशंका थी कि उसकी हत्या करने के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया होगा।
पहचान नहीं होने पर शव को विश्रामपुर मॉर्च्युरी भेजा गया। बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेट (18) के रूप में हुई।
घर पर ताला मिला, बाथरूम में मिली मां की लाश
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस को पता चला कि उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है। इसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। सुजल की मां रजनी बरेट भी नहीं मिल रही थीं।
पुलिस ने परिचितों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा। अंदर तलाशी के दौरान बाथरूम में रजनी बरेट (40) का शव मिला। इसके बाद मामला मां-बेटे की संदिग्ध मौत से जुड़ गया।
सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं रजनी बरेट
रजनी बरेट बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। जानकारी के अनुसार, करीब पांच साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ किराए के मकान में रहती थीं।
मां-बेटे की मौत की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
धारदार हथियार से हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। शुरुआती जानकारी में दोनों की हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मां की हत्या घर में हुई और बेटे को कहीं दूसरी जगह ले जाकर मारा गया या घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थितियां थीं।
CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मां-बेटे के परिचितों और अन्य संभावित लोगों से जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि मां-बेटे की मौत के पीछे किसका हाथ है और इस वारदात को अंजाम देने की वजह क्या थी। पुलिस की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
देखिए ये तस्वीरें…

एक दिन पहले बेटे की लाश सड़क किनारे मिली थी।

महिला सरकारी स्कूल में टीचर थी। बाथरूम में मिली लाश।

पुलिस ने परिचितों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा।

पति से तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ रहती थी।