जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले स्थित ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से सोने का एक जोड़ी कर्णफूल जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है बरामद कर जब्त किया गया। यह मामला थाना बागबहार क्षेत्र का है।
ललित यादव ने दर्ज कराई चोरी की रिपोर्ट
उल्लेखनीय है कि प्रार्थी ललित यादव, उम्र 20 वर्ष, पिता रविशंकर यादव, निवासी ग्राम डूमरबहार ने थाना बागबहार में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।प्रार्थी ने बताया कि मंगलवार 03.11.2026 की रात करीब 09:00 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब प्रार्थी होटल से अपने घर सोने आया, तो देखा कि घर के दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ था।
अलमारी से सोने का कर्णफूल मिला गायब
अंदर जाकर देखने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।इसकी जानकारी प्रार्थी ने अपने माता-पिता को दी। तीनों ने घर की जांच की तो अलमारी में रखा सोने का एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिला। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात बताई और उस पर चोरी करने का संदेह व्यक्त किया। इस पर थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 109/26, धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी शंकर ने स्वीकारा गुनाह
बागबहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार संदेह के आधार पर ग्राम डूमरबहार में पतासाजी कर शंकर भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़ित के घर के दरवाजे में लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल को चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तारी में थाना बागबहार टीम की भूमिका रही
मामला में आरोपी शंकर भगत उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम डूमरबहार, थाना बागबहार, जिला जशपुर के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कार्रवाई व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग एवं सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।