Raipur Ganesh Visarjan: गणेश उत्सव के समापन पर रायपुर में आज यानी 28 सितंबर को भव्य विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। झांकियां शारदा चौक से शुरू होकर महादेव घाट तक जाएंगी। ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
विसर्जन झांकी के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार झांकी प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
51 हजार रुपये तक का पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली झांकी समितियों को तीन प्रमुख पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले स्थान पर आने वाली समिति को ₹51,000, दूसरे स्थान पर ₹31,000 और तीसरे स्थान पर ₹21,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा विसर्जन झांकी में शामिल सभी समितियों और झांकियों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि गणेश उत्सव से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है।
झांकियों का मूल्यांकन ज्यूरी कमेटी करेगी। इसमें झांकी की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन समेत कई मानकों को ध्यान में रखा जाएगा।
शारदा चौक से महादेव घाट तक जाएगा जुलूस
सोमवार शाम करीब 6 बजे झांकी शारदा चौक से रवाना होगी। इसके बाद यह जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगी।
झांकी के निर्धारित मार्ग पर शाम 6 बजे से सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को ही निर्धारित मार्ग पर प्रवेश की अनुमति होगी।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक और जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली और बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली की ओर यातायात प्रभावित रहेगा।
इसी तरह लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
इसलिए शाम के समय इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
विसर्जन झांकी के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के निर्देश दिए गए हैं।
झांकी में नशा और हथियार पूरी तरह प्रतिबंधित
झांकी को बिना वजह रोकने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा झांकी में नशे का सेवन करने और किसी भी तरह के हथियार या धारदार वस्तु लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी निर्धारित नियमों और प्रशासन की अनुमति के अनुसार ही किया जा सकेगा।
आयोजकों का कहना है कि विसर्जन झांकी का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ रायपुर की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को सामने लाना है। वहीं प्रशासन के लिए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखना आज सबसे बड़ी चुनौती रहेगी।