नवरात्रि व्रत में अक्सर खाने के विकल्प सीमित हो जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मीठे में भी समझौता करना पड़े। अगर आपको केक पसंद है, तो राजगिरा और कुट्टू के आटे से बनने वाला यह केक ट्राई कर सकते हैं।
इसमें मैदा की जगह व्रत में इस्तेमाल होने वाले आटे लिए गए हैं और स्वाद बढ़ाने के लिए काजू-बादाम और किशमिश भी डाली जाती है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। सही मात्रा में सामग्री मिलाकर इसे ओवन में आसानी से तैयार किया जा सकता है।
Vrat Cake बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
- राजगिरा आटा – 100 ग्राम
- कुट्टू का आटा – 50 ग्राम
- सेंधा नमक – स्वादानुसार
- पिसी शक्कर – 80 ग्राम
- दही – 100 ग्राम
- दूध – 70-80 एमएल
- घी – 45 ग्राम
- बेकिंग पाउडर – 5 ग्राम
- बेकिंग सोडा – 2 ग्राम
- वनीला एसेंस – ½ छोटा चम्मच
- इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- कटे हुए काजू/बादाम – 30 ग्राम
- किशमिश – 20 ग्राम
ऐसे बनाएं व्रत वाला केक
1. दही और शक्कर फेंटें
सबसे पहले एक बाउल में दही और पिसी हुई शक्कर डालकर अच्छी तरह फेंट लें। मिश्रण थोड़ा स्मूद हो जाए तो इसमें पिघला हुआ घी मिला दें।
2. सूखी सामग्री तैयार करें
अब दूसरे बर्तन में राजगिरा आटा, कुट्टू का आटा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और इलायची पाउडर डालकर मिला लें।
3. दोनों मिश्रण को मिलाएं
दही वाले मिश्रण में धीरे-धीरे सूखी सामग्री डालें और हल्के हाथ से मिलाते जाएं। जरूरत के अनुसार दूध डालकर बैटर तैयार करें। बैटर न बहुत पतला हो और न बहुत ज्यादा गाढ़ा।
4. ड्राई फ्रूट्स डालें
अब इसमें कटे हुए काजू-बादाम और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिला लें। आप चाहें तो ऊपर से सजाने के लिए भी थोड़े ड्राई फ्रूट्स बचाकर रख सकते हैं।
5. केक को बेक करें
केक टिन को घी से अच्छी तरह ग्रीस करें और तैयार बैटर उसमें डाल दें। ऊपर से काजू-बादाम डालें। पहले से गर्म किए हुए ओवन में करीब 170 डिग्री सेल्सियस पर 30-35 मिनट तक बेक करें।
6. ठंडा होने के बाद सर्व करें
केक बेक होने के बाद टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक साफ निकल आए तो केक तैयार है। इसे कुछ देर ठंडा होने दें और फिर काटकर सर्व करें।
व्रत के लिए इस केक को कैसे बनाएं खास?
- इस रेसिपी में सामान्य मैदा की जगह राजगिरा और कुट्टू के आटे का इस्तेमाल किया गया है। वहीं नमक के लिए सेंधा नमक लिया गया है।
- हालांकि व्रत के नियम अलग-अलग परिवारों और परंपराओं में अलग हो सकते हैं, इसलिए सामग्री इस्तेमाल करने से पहले अपने व्रत के नियम जरूर ध्यान में रखें।