महासमुंद – शराब की महफिल में दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। गुस्साए पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर चौकी भंवरपुर (थाना बसना) पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना 10 सितंबर की है। कुदरीपारा (कोरबा) निवासी भानुप्रताप लहरे और बड़े साजापाली निवासी मनोहर कोसरिया एक अचेत युवक को बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान परदेशी यादव के रूप में हुई। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर डॉक्टरों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय परदेशी यादव, मनोहर कोसरिया और भानुप्रताप लहरे एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान परदेशी ने मनोहर की पत्नी से छेड़छाड़ कर दी। इससे नाराज मनोहर और भानुप्रताप ने हाथ-मुक्कों और लातों से उसकी पिटाई कर दी। परदेशी बेहोश हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने भानुप्रताप लहरे (37) और मनोहर कोसरिया (37) के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला छिपाने के लिए दोनों आरोपी परदेशी को बाइक के बीच में बैठाकर अस्पताल ले गए। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने मारपीट की बात कबूल की। आरोपियों के अनुसार, मारपीट के दौरान उनके कपड़ों पर खून लग गया था। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कपड़े शासकीय अस्पताल भंवरपुर के सामने एक गड्ढे में छिपा दिए थे।