Meta Pixel

शासन की सेवा संकल्प ने दूर की निर्मल की खामोशी

Spread the love

दुर्ग, 05 अक्टूबर 2026/ शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान दिव्यांगजनों के जीवन में भी नया सवेरा लाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम साल्हेखुर्द (विकासखंड धमधा, जिला दुर्ग) के निवासी निर्मल जंघेल (पिता श्री मनराखन) की जिंदगी में एक सुखद बदलाव आया है। निर्मल जंघेल दोनों कानों से श्रवण बाधित हैं। लंबे समय से सुनने में आ रही गंभीर समस्या के कारण वे दूसरों की बातें समझने और अपनी बात कहने में बेहद असहज महसूस करते थे। अभियान के कार्यों के परिणामतः जब उन्हें जानकारी मिली कि शासन द्वारा श्रवण बाधित दिव्यांगों का प्रमाण-पत्र बनाया जाता है, तो उन्होंने समाज कल्याण विभाग दुर्ग से संपर्क किया। विभाग के अधिकारियों ने न केवल उन्हें प्रमाण-पत्र बनवाने की पूरी प्रक्रिया समझाई, बल्कि निःशुल्क कान की मशीन (हेयरिंग एड) उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। तत्पश्चात, जिला चिकित्सालय दुर्ग के माध्यम से निर्मल का परीक्षण कर श्रवण बाधित दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किया गया और समाज कल्याण विभाग में उनके आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निःशुल्क सहायक उपकरण (श्रवण यंत्र) प्रदान किया गया। मशीन मिलने के बाद अपनी खुशी व्यक्त करते हुए निर्मल जंघेल ने बताया, “कान की मशीन मिलने से मेरी सालों पुरानी सुनने की समस्या अब पूरी तरह दूर हो गई है। अब मैं किसी की भी बात आसानी से सुनकर उसका जवाब दे पाता हूँ। इस सहायता ने मेरे जीवन को बहुत आसान बना दिया है। मैं शासन के इस संकल्पित सेवा भावना से की गयी मदद के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूँ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *