कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोनहत थाना क्षेत्र की धनपुर बस्ती में स्कूल जाने निकली दूसरी कक्षा की छात्रा प्रिंसि स्कूल बस की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्कूल बस की चपेट में आई मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, धनपुर बस्ती निवासी प्रिंसि सोनहत के भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल बस स्कूल संस्था की ही थी। घटना की सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
मासूम की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, हादसे को लेकर स्कूल बसों की सुरक्षा और बच्चों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।