Meta Pixel

सिंटर प्लांट-3 में कोकओवन गैस प्रणाली का उन्नयन

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 (एसपी-3) ने सिंटर मशीन-1 के इग्निशन फर्नेस की कोकओवन गैस आपूर्ति प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार करते हुए दो प्रमुख तकनीकी संशोधनों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है। इसके अंतर्गत इग्निशन फर्नेस के समीप नया यू-सील स्थापित करने के साथ-साथ सीओ गैस हेडर में बर्नर क्रमांक-1 के समीप अतिरिक्त लाइन उपलब्ध कराई गई है। इन कार्यों को आंतरिक संसाधनों के माध्यम से एवं विभिन्न विभागों के प्रभावी समन्वय से पूरा किया गया। मोडिफाइड सिस्टम का उद्घाटन तत्कालीन महाप्रबंधक (प्रचालन, एसपी-3) श्री ए.के. बेडेकर एवं श्री एस.सी. चांवरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी-3) श्री राहुल बिजुरकर, महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) श्री भादेव टुडू सहित एसपी-3 के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  

सिंटर मशीन-1 के इग्निशन फर्नेस की सीओ गैस आपूर्ति लाइन में ग्राउंड लेवल एवं द्वितीय स्तर पर यू-सील स्थापित किए गए हैं। एक्सहॉस्टर, फर्नेस अथवा सिंटर मशीन के रुकने की स्थिति में सीओ गैस लाइन को पृथक कर सुरक्षित कार्य सुनिश्चित करने के लिए प्रचालन टीम को इन यू-सील में पानी भरना पड़ता था। पूर्व व्यवस्था के तहत सीओ गैस लाइन को पृथक करने में लगभग 45 से 60 मिनट का समय लगता था। इसके परिणामस्वरूप रखरखाव एवं पुनः संचालन की गतिविधियों में विलंब होने से सिंटर मशीन की उपलब्धता एवं उत्पादन प्रभावित होने की संभावना रहती थी।  

इग्निशन फर्नेस में सीओ गैस के समान वितरण में कमी के कारण बर्नर क्रमांक-1 को अपेक्षाकृत कम गैस प्राप्त हो रही थी। यह बर्नर मौजूदा गैस हेडर के अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण अन्य बर्नरों की तुलना में कम मात्रा में सीओ गैस प्राप्त कर रहा था। परिणामस्वरूप पैलेट की पूरी चौड़ाई में सिंटर मिक्स का दहन समान रूप से नहीं हो पा रहा था, जिससे इग्निशन प्रक्रिया की एकरूपता प्रभावित हो रही थी।  

इस परिचालन संबंधी समस्या के समाधान के लिए श्री ए.के. बेडेकर एवं श्री एस.सी. चांवरिया के मार्गदर्शन में गठित क्रॉस-फंक्शनल टीम ने मौजूदा सीओ गैस पाइपलाइन व्यवस्था का अध्ययन किया। विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों के आधार पर इग्निशन फर्नेस के समीप नया यू-सील स्थापित करने तथा बर्नर क्रमांक-1 के समीप सीओ गैस हेडर से अतिरिक्त पाइपलाइन उपलब्ध कराने की योजना तैयार की गई। इन सुधारों को इन-हाउस संसाधनों से क्रियान्वित करने के लिए इंजीनियरिंग डिजाइन विभाग (ईडीडी) एवं एनर्जी मैनेजमेंट विभाग (ईएमडी) ने आवश्यक तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

महाप्रबंधक (ईडीडी) श्री मेजी मेजर सिंह, महाप्रबंधक (ईएमडी) श्री एस. रमानी, उप महाप्रबंधक (ईडीडी) श्री देवेंद्र सोनार, उप महाप्रबंधक (ईएमडी) श्री ऋतुराज, वरिष्ठ प्रबंधक (ईएमडी) श्री प्यारे लाल देशमुख एवं प्रबंधक (ईडीडी) श्री टी.के. बंजारे के नेतृत्व में ईडीडी एवं ईएमडी टीमों ने प्रस्ताव के तकनीकी पक्ष को अंतिम रूप दिया। इसके पश्चात संबंधित विभागों के समन्वय से दोनों सुधार कार्यों को इन-हाउस संसाधनों एवं उपलब्ध सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए सफलतापूर्वक पूरा किया गया। नए यू-सील की स्थापना से इग्निशन फर्नेस के समीप सीओ गैस लाइन को पृथक करने का समय 45 से 60 मिनट से घटकर लगभग 10 से 15 मिनट रह गया है। इससे शटडाउन एवं रखरखाव गतिविधियों के दौरान गैस लाइन के सुरक्षित पृथक्करण की प्रक्रिया अधिक सुगम हुई है।

सीओ गैस हेडर में अतिरिक्त लाइन उपलब्ध कराने से बर्नर क्रमांक-1 तक पर्याप्त एवं समान रूप से सीओ गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकी है। गैस वितरण में इस सुधार से सिंटर बेड में इग्निशन अधिक एकसमान एवं प्रभावी होने से सिंटर की गुणवत्ता तथा प्रक्रिया प्रदर्शन में सुधार होगा। साथ ही, इससे सिंटर उत्पादकता बढ़ाने, सिंटर रिटर्न कम करने एवं प्रति टन सिंटर उत्पादन पर कोक खपत में कमी लाने में भी सहायता मिलेगी।

इन सुधार कार्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री आर.डी. शर्मा; उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री एम.यू. राव; उप महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री एस.के. सतपथी; उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) श्री डी.के. गुप्ता; सहायक महाप्रबंधक (पीएलईएम) श्री एस. देशपांडे, सहायक महाप्रबंधक (पीएलईएम) श्री एस.के. सारंगी, सहायक महाप्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री जितेश शाहानी; वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल) एसपी-3 श्री विपिन मौर्य; वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री निरंजन एक्का; प्रबंधक (मैकेनिकल), एसपी-3 श्री दिनेश मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।  

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने आंतरिक क्षमताओं, प्रभावी टीमवर्क एवं उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग से सुधार कार्यों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए क्रॉस-फंक्शनल टीम को बधाई दी। इन सुधारों से सिंटर मशीन-1 की सीओ गैस प्रणाली की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता को बेहतर बनाने के साथ इग्निशन प्रक्रिया में एकरूपता, परिचालन में सुगमता तथा उत्पादकता एवं ऊर्जा दक्षता में सुधार को बढ़ावा मिलेगा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *