सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा माइंस अस्पताल में 28वें मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य राजहरा माइंस एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहु-विषयक टीम ने व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
इस मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रमुख (एम एंड एचएस) डॉ. उदय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. संबिता पंडा, मुख्य महाप्रबंधक (राजहरा माइंस) श्री आनंद कुमार सिंह तथा सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तुषार रॉयचौधरी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया। श्री शैलेश पटनायक एवं उनकी टीम का भी आयोजन में सहयोग रहा।
शिविर में जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भिलाई के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सौरभ मुखर्जी, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. चित्रा सुनोव, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. इमैनुएल मैसी, दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. जयिता सरकार, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी गुप्ता, सामान्य शल्य चिकित्सक डॉ. धीरज शर्मा, ईएनटी शल्य चिकित्सक डॉ. प्रियंका शिवप्पा तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभस्मिता पटनायक ने मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ अस्थि रोग विभाग के डीएनबी रेजिडेंट डॉ. शुभम, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की डीएनबी रेजिडेंट डॉ. अन्नपूर्णा, नेत्र रोग विभाग के डीएनबी रेजिडेंट डॉ. ओम, ईएनटी के डीएनबी रेजिडेंट डॉ. प्रांशु, फिजियोथेरेपिस्ट श्री दिग्विजेंद्र किशोर, मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट श्री कल्लोल मैती तथा सहायक प्रबंधक श्रीमती सुनीता साहू ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर के दौरान कुल 620 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। इसके अतिरिक्त अस्थि रोग विभाग द्वारा 8 इंट्रा-आर्टिकुलर इंजेक्शन लगाए गए तथा 5 मरीजों का प्लास्टर किया गया। शिविर में आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। शिविर को सफल बनाने में राजहरा माइंस अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि लगभग 27 माह पूर्व राजहरा माइंस अस्पताल में मरीजों को उन्नत एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित मासिक मेगा मेडिकल कैंप प्रारंभ किए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से सेक्टर-9 अस्पताल, भिलाई के सुपर स्पेशलिस्ट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा राजहरा माइंस तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले दो वर्षों से अधिक समय से आयोजित हो रहे इन शिविरों से बड़ी संख्या में मरीज लाभान्वित हुए हैं।