Meta Pixel

महासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, ₹2.80 करोड़ की खेप के साथ महाराष्ट्र के 2 तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर एक वाहन से 560 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कैरेट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर के एक वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नाकेबंदी कर संदिग्ध आइशर माजदा वाहन को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से 560 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में लगभग 35 किलो गांजा रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अजय रविन्द्र पवार और 25 वर्षीय स्वराज महाजन के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के बरहमपुर क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *