Meta Pixel

रायपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी: अकाल मौत का डर दिखाकर महिला से 150 ग्राम सोना ऐंठने का आरोप

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपए के सोने के जेवर और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने महिला को परिवार में अनहोनी और अकाल मृत्यु का डर दिखाया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर कई बार जेवर लिए।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने महिला से अलग-अलग मौकों पर करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण और 9 हजार रुपए नकद लिए। शिकायत मिलने के बाद गंज पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने का दिया भरोसा

घटना मार्च 2026 की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपी साधु के भेष में फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में महिला नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे थे।

बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों को लेकर ऐसी बातें कहीं, जिससे उसे लगा कि साधुओं को उसकी निजी समस्याओं की जानकारी है। इसके बाद आरोपियों ने पूजा कराने और समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया।

बताया गया है कि पहली बार पूजा के लिए महिला से करीब 3 ग्राम सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए गए। आरोपियों ने पूजा पूरी होने के बाद सामान वापस करने की बात कही थी।

10-12 दिन के अंतराल में दोबारा पहुंचते रहे

पुलिस शिकायत के अनुसार, करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी फिर महिला के घर पहुंचे और करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ले गए। इसके बाद उन्होंने महिला को अपना मोबाइल नंबर दिया और फोन के जरिए संपर्क बनाए रखा।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगभग हर 10-12 दिन में घर आते और पूजा के नाम पर सोने के जेवर मांगते रहे। महिला ने करीब सात अलग-अलग मौकों पर उन्हें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन समेत लगभग 150 ग्राम सोने के आभूषण दे दिए।

‘किसी को बताया तो परिवार में अनहोनी होगी’

महिला के मुताबिक, आरोपियों ने उसे लगातार डर में रखा। उसे कथित तौर पर कहा गया कि यदि उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है।

इतना ही नहीं, परिवार के किसी सदस्य की अकाल मृत्यु होने की बात कहकर भी डराया गया। इस वजह से महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी नहीं दी।

जेवर खत्म हुए तो फोन पर मांगने लगे सामान

शिकायत के मुताबिक, 7 सितंबर के बाद आरोपियों ने दोबारा महिला से सोने-चांदी के जेवर और नकदी की मांग शुरू कर दी। महिला ने जब बताया कि अब उसके पास देने के लिए सामान नहीं है, तब भी आरोपियों के फोन आते रहे।

इसके बाद 25 सितंबर की रात पति जसवंत परमार के घर लौटने पर महिला ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही पति गंज थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मोबाइल नंबर के जरिए आरोपियों की तलाश

गंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी में शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *