Meta Pixel

टाइगर श्रॉफ पर 5 राउंड फायरिंग: बाल बाल बचे अभिनेता, लॉरेंस गैंग की धमकी- जो सलमान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा

Spread the love

 बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम करीब 7 बजे फायरिंग हुई। बाइक सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। हालांकि, इस घटना में एक्टर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा करने वाली एक पोस्ट सामने आई है। इसमें टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की जिम्मेदारी लेने के साथ ही सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को भी धमकी दी गई है।

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने खुद टाइगर श्रॉफ को फोन लगाकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। सीएम ने कहा- ‘हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लेंगे’

वहीं, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- आरोपियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देंगे। सरकार टाइगर श्रॉफ के साथ है।  

बाइक सवार तीन लोगों ने की फायरिंग, बाल-बाल टाइगर 

पुलिस के मुताबिक, मुंबई के जुहू इलाके में बाइक पर सवार तीन लोगों ने फायरिंग की। इस दौरान टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक को चोटें आईं। 

घटना पर डीसीपी मोहित गर्ग ने कहा- मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। जैसे ही कोई नई जानकारी मिलेगी, हम आपको बता देंगे। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई। टाइगर श्रॉफ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे वहां से निकल रहे थे, तब कुछ अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी। टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। दो अन्य लोग घायल हुए हैं। उनके ड्राइवर के हाथ में चोट आई है  दूसरे व्यक्ति मिस्टर चौहान हैं। दोनों का फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। हम आगे की कोई भी जरूरी जानकारी आपके साथ जरूर साझा करेंगे।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी और हमलावरों ने टाइगर को ही निशाना क्यों बनाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

CM फडनवीस ने दिया मुंबई पुलिस कमिश्नर को निर्देश 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन किया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया कि वे मामले की त्वरित जांच करें और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें

सोशल मीडिया पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी का दावा

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में अनिल पंडित के साथ अनिल हरमन संधू का नाम भी लिया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्ट में कहा गया- ‘हमने उसे फोन किया था और चीजें समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं समझा। इसलिए आज हमने उसे ठीक से समझाना सुनिश्चित किया।’

इस संदेश के जरिए कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ को चेतावनी देने की बात कही गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि टाइगर को किस मुद्दे पर फोन किया गया था और पोस्ट में किस बात को लेकर नाराजगी जताई गई है।

सलमान खान के साथ काम करने वालों को धमकी

सोशल मीडिया पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी धमकी दी गई है। इसमें कहा गया कि जो भी हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, वह अगला निशाना होगा।

पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया ‘मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो भी हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, वह अगला होगा। इंतजार करो और देखते रहो’

इस धमकी के बाद फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ सकती है। हालांकि, पोस्ट की सत्यता और हमले से उसके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, किसी सोशल मीडिया दावे को आधिकारिक निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।

जैकी श्रॉफ के बेटे हैं टाइगर

टाइगर श्रॉफ बॉलीवुड के चर्चित एक्टर हैं। वह दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। टाइगर ने साल 2014 में फिल्म ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। अपनी एक्शन फिल्मों, स्टंट और फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले टाइगर ने कम समय में इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है।

फिलहाल, इस घटना में टाइगर श्रॉफ के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में हमलावरों की पहचान, फायरिंग के मकसद और सोशल मीडिया पर किए गए दावों की सच्चाई सामने आना अहम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *