सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कपड़ा दुकान पर साड़ी खरीदने के बहाने चोरी करने का मामला सामने आया है। लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां में स्थित एक कपड़ा दुकान और उसके गोदाम से करीब 36 हजार रुपये की साड़ियां गायब होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई साड़ियां भी बरामद की हैं।
दो कारों से पहुंचीं महिलाएं, दुकानदार की नजर बचाकर की चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, जहां 17 अक्टूबर की शाम कुछ महिलाएं दो कारों से लटोरी-करवां मार्ग पर स्थित कपड़ा दुकान में साड़ी खरीदने पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं ने दुकानदार को खरीदारी में उलझाए रखा और उसकी नजर बचाकर कथित तौर पर साड़ियों की चोरी कर ली। दुकान के साथ लगे गोदाम से भी साड़ियों के बंडल गायब हो गए।
स्टॉक का मिलान करने पर खुला मामला
महिलाओं के दुकान से जाने के बाद जब दुकानदार ने साड़ियों के स्टॉक का मिलान किया, तो उसे कई साड़ियां गायब मिलीं। जांच करने पर करीब 36 हजार रुपये की साड़ियों की चोरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
बनारस रोड किनारे तंबू में रह रहे थे संदिग्ध
शिकायत मिलने के बाद लटोरी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर रह रहीं कुछ संदिग्ध महिलाओं और पुरुषों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनसे पूछताछ की और कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
चोरी की साड़ियां बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई साड़ियां बरामद की गई हैं। यह पूरा मामला सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के करवां का है। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।