Meta Pixel

बस्तर-बिलासपुर और दुर्ग संभाग में आज बारिश के आसार : अगले 24 घंटे बाद बढ़ेगा दिन का तापमान; 42.2 डिग्री टेंपरेचर के साथ दुर्ग सबसे गर्म….!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ में आज (19 मई) बस्तर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। समुद्र से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटे तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद दिन का पारा दो से तीन​ डिग्री तक बढ़ेगा। शनिवार को भी रायपुर और बिलासपुर में दिन का तापमान औसत से 5 डिग्री कम रहा। इसके अलावा बाकी जिलों में भी तापमान 33 से 38 डिग्री के बीच रहा। बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में 5 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।

शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया।

आज इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा, जशपुर, पेंड्रा, बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिले में आज हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

मई का पहला ​पखवाड़ा बिना लू के गुजरा

प्रदेश में इस साल मई का पहला ​पखवाड़ा बिना लू के गुजरा है। रायपुर ही नहीं प्रदेश के किसी भी शहर या कस्बे में दिन का तापमान 45 डिग्री के करीब नहीं पहुंच पाया। लू चलने के हालात तभी बनते हैं, जब तापमान 45 डिग्री से ऊपर या सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा हो।

मई के पहले हफ्ते में थोड़ी गर्मी पड़ी। इसके बाद लगातार बादल और बारिश की वजह से मौसम ठंडा बना हुआ है।

इस सीजन में अब तक 45 डिग्री तक नहीं पहुंचा पारा

गर्मी के इस पूरे सीजन में अब तक टेंपरेचर 45 डिग्री तक नहीं पहुंच पाया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 19 मई तक तापमान 37 से 39 डिग्री के आसपास रहेगा। 20 मई को तापमान में दो-तीन डिग्री बढ़ेगा। इसके बाद पांच दिनों तक यानी 24-25 मई तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।

रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम

रायपुर में शनिवार को भी बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। आज राजधानी का तापमान 39 से 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

बस्तर संभाग में 21 मई तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग के जिलों में 19, 20 और 21 मई को यानी तीन दिन हल्की बारिश के आसार हैं। शनिवार को जगदलपुर में 33.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को कांकेर, बीजापुर, अंतागढ़ में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं, भोपालपट्नम, टोकपाल और पखांजूर में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है।

शहरों में ऐसा रहा तापमान

शहर अधिकतम तापमान सामान्य से अंतर
रायपुर 37.7 ℃ -5 डिग्री
रायपुर (माना) 36.6 ℃ -6 डिग्री
बिलासपुर 38.2 ℃ -5 डिग्री
अंबिकापुर 37.2 ℃ -2 डिग्री
जगदलपुर 33.6 ℃ -5 डिग्री
राजनांदगांव 39 ℃
दुर्ग 42.2 ℃

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *