Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में शादी से 2 दिन पहले दुल्हन का मर्डर:मंगेतर ने मिलने बुलाया था;विवाद के दौरान बेहोश हुई तो मरा समझकर तालाब में फेंका….!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शादी से 2 दिन पहले होने वाले दूल्हे ने दुल्हन की हत्या कर दी। उसने रात 12 बजे लड़की को मिलने के लिए बुलाया था। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। दोनों में जमकर झूमाझटकी हुई। इस दौरान युवती सीढ़ियों पर गिरकर बेहोश हो गई। उसे मरा हुआ समझकर होने वाले पति ने तालाब में फेंक दिया। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र के मेडेसरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक वारदात 9 जुलाई की रात की है। 19 साल की तेजश्वनी जोशी की शादी बीरेभाट के रहने वाले हुमन जोशी (24 वर्ष) के साथ तय हुई थी। 12 जुलाई को दोनों की शादी होनी थी। इससे पहले ही तेजश्वनी की जान चली गई और होने वाला पति कत्ल के आरोप में गिरफ्तार हो गया।

10 जुलाई को मिली थी तेजश्वनी की लाश

मेडेसरा गांव के ही तालाब में 11 जुलाई को तेजश्वनी की लाश मिली थी। तब आशंका जताई जा रही थी शायद वह शादी से खुश नहीं थी इसलिए तालाब में कूदकर उसने आत्महत्या की होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू कर दी।

जिस दिन लाश मिली, उसी दिन जानी थी भाई की बारात

मेडेसरा निवासी राजेश जोशी अपनी दो बेटियों तेजश्वनी, उसकी बड़ी बहन और भाई गजपाल की शादी एक साथ करने वाले थे। जिस दिन उसकी लाश मिली उसी दिन भाई की बारात जाने वाली थी। लेकिन तेजश्वनी की लाश मिलने के बाद सारी रस्में रोक दी गईं।

9 जुलाई को था हल्दी का कार्यक्रम

तेजश्वनी के चाचा टोमन लाल जोशी ने बताया कि, 9 जुलाई को तेजश्वनी के भाई गजपाल की हल्दी का कार्यक्रम था। रात में उसने भाई-बहन के साथ हल्दी लगवाई। संगीत का कार्यक्रम हुआ। खाना खाने के बाद अचानक वह घर से बाहर चली गई। सुबह उसकी लाश तालाब में मिली थी। तेजश्वनी और उसकी बड़ी बहन की बारात 12 जुलाई को आनी थी।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग

पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो तालाब के पास तेजश्वनी के साथ उसके होने वाले पति हुमन जोशी का मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस हुआ। इसके साथ ही हुमन का ही लास्ट कॉल तेजश्वनी के मोबाइल पर शो कर रहा था। इस अहम सुराग के मिलने के बाद पुलिस ने फौरन हुमन को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने रिक्रिएट कराया क्राइम सीन

आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि 9 जुलाई की देर रात दोनों तालाब के किनारे मिले थे। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान तेजश्वनी तालाब की सीढ़ियों पर गिर गई और बेहोश हो गई। हुमन को लगा कि वह मर गई गई है। इसलिए डर के मारे उसने तेजश्वनी और मोबाइल को तालाब में फेंका और भाग निकला।

हुमन जोशी ने कबूल किया अपना जुर्म

दुर्ग सिटी एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के निशान मिले थे। लिहाजा पुलिस ने हत्या के एंगल पर ही जांच शुरू की। कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर सबसे बड़ा सस्पेक्ट हुमन जोशी था। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस तालाब से मोबाइल रिकवर करने में जुटी है।

आरोपी बोला- हम दोनों शादी नहीं करना चाहते थे

पूछताछ में पुलिस को आरोपी ने बताया कि आए दिन दोनों के बीच लड़ाई-झगड़े होते थे, इसलिए दोनों शादी नहीं करना चाहते थे। सामाजिक दबाव के कारण शादी कर रहे थे। इसी को लेकर दोनों में 9 जुलाई की रात लड़ाई हुई और हुमन ने वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *