Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में जीजा ने दी साले की हत्या की सुपारी : वाइन-शॉप के मैनेजर के पेट में मारा चाकू, 50,000 में भेजा था किराए के किलर…!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित आकाश गंगा प्रीमियम वाइन शॉप के मैनेजर पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मैनेजर के जीजा ने ही हत्या की सुपारी दी थी। सुपारी देने वाले जीजा की पुलिस तलाश कर रही है। सुपेला थाना क्षेत्र का मामला है।

सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश कुमार आकाश गंगा सुपेला स्थित प्रीमियम शराब दुकान का मैनेजर है। वह कृष्णा नगर में रहता है। बीते 4 अगस्त की रात 10 बजे शराब दुकान बंद कर अंदर कैश मिलान किया। उसके बाद देर रात करीब 1 बजे अपनी बाइक से घर जाने के लिए निकला था।

पेट में घुसा दिया चाकू

पुलिस ने बताया कि जैसे ही वह गणेश मार्केट के पास पहुंचा, 3 लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। गाड़ी रोकते ही उन लोगों ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। उमेश ने उनका विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। एक लड़के ने चाकू निकालकर उसके पेट में घुसा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के एरिया के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाला। CCTV फुटेज में बाइक सवार 3 लोग दिखाई दिए। पुलिस ने संदेहियों के बारे पूछताछ की। पता चला कि तीनों लोग दुर्ग रहने वाले हैं। आदतन अपराधी हैं।

जीजा ने दी थी साले की हत्या की सुपारी

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी शराब दुकान के मैनेजर उमेश से कोई दुश्मनी नहीं थी। राजनांदगांव के रहने वाले अश्वनी वर्मा उर्फ आशु ने हत्या करने के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी। पैसों की लालच में उन्होंने उमेश पर जानलेवा हमला किया, लेकिन उसकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि चाकू मारने के बाद आशु ने उन्हें 30 हजार रुपए दिए और 20 हजार रुपए अब तक नहीं दिए हैं।

पति पत्नी के बीच विवाद के चलते दी सुपारी

टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश आशु का साला है। आशु और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा है। मामला तलाक तक पहुंच गया है। उमेश अपनी बहन की मदद कर रहा है। इससे आशु ने उसे जान से मरवाने की योजना बनाई और सुपारी दी। आशु अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मारने से पहले कई दिन तक की थी रेकी

आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने सुपारी लेने के बाद कई दिन तक उमेश की एक्टिविटी की रेकी थी। कितने बाजे दुकान आता है और कितने बजे जाता है, किस रास्ते से जाता इस सबके बारे में जानकारी जुटाई। उमेश अक्सर दुकान से शराब पीकर ही घर जाता था।

घटना के दिन भी वो देर रात शराब के नशे में घर जा रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उसे आसानी से रोक लिया और झगड़ा करते हुए चाकू मार दिया फिर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, चाकू और 30 हजार रुपए जब्त किया है।

ये आरोपी गिरफ्तार

  1. नागेंद्र सोनी पिता राजाराम सोनी (35 साल) निवासी भवानी मेडिकल के पीछे पंचशील नगर दुर्ग
  2. राज मानिकपुरी उर्फ राजा पिता सागर दास मानिकपुरी (19 साल), निवासी गया नगर दुर्ग
  3. शैलेष सिन्हा उर्फ सर्किट पिता पवन सिन्हा (30 साल), निवासी संतोषी मंदिर के पास गया नगर दुर्ग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *